Monday, November 26, 2018

जल्द शुरू होगी फ़िल्म रज़िया की शूटिंग

डॉ0 शकील अंसारी (NNI Coverage) 
नानपारा, बहराइच (उ0प्र0) उत्तर प्रदेश के तराई इलाके में आने वाला जनपद बहराइच के क्षेत्रीय कलाकारों ने मिलकर मुस्लिम बंजारा समाज पर एक शिक्षाप्रद लघु कथा पर आधारित शॉर्ट फिल्म बनाने की कवायद शुरू की है। फिल्म पूरी तरह से मुस्लिम बंजारा समाज के पिछड़ापन, अशिक्षा एवं निम्न सोच को दूर करने जैसे उद्देश्यों पर आधारित है। मिली जानकारी के मुताबिक फ़िल्म स्क्रिप्ट तैयार है और शेड्यूल मीटिंग के बाद डेमो पोस्टर भी रिलीज हो चुका है, कलाकारों को चुनकर शूटिंग शुरू होनी है। एक मुलाकात में कहानी के लेखक एवं निर्देशक डी0 पी0 श्रीवास्तव "अंकुर" ने बताया कि इस शॉर्ट फिल्म का कथानक जागृत समाज से कोसों दूर गांव की दबी हुई मलिन बस्ती से उठाकर दर्शकों के बीच रखने का महज कठिन प्रयास है, जिसमें लोगों में समय के साथ आगे बढ़ने, शिक्षा प्राप्त करने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग होना सुझाया गया है। फिल्म का शीर्षक शॉर्ट फिल्म नायिका रजिया पर आधारित है। पूरी कहानी उसी के इर्द-गिर्द घूमती है, साथ ही अन्य पात्र गांव से लेकर शहर तक कहानी के मकसद को पूरा करने में खास भूमिका अदा करते नजर आएंगे। मालूम हो कि पूर्व में डी0 पी0 श्रीवास्तव को स्वच्छ भारत अभियान पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म के लिए एन एफ डी सी तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार की तरफ से सम्मानित भी किया जा चुका है, तबसे वह बराबर फ़िल्म जगत में संघर्षरत हैं। निर्माता अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द ही नवल एंटरटेनमेंट क्रिएटिविटी फ़िल्म बैनर तले शॉर्ट फिल्म रज़िया की शूटिंग शुरू होगी, बजट हालांकि काफी कम है लेकिन कहानी पूरी तरह मजबूत एवं शिक्षाप्रद है। जल्द ही इस में असगर अली, शब्बीर अली, चांदनी बानो, सरफराज सिद्दीकी आदि कलाकार अपनी भूमिका निभाएंगे और फिल्म लोगों के बीच होगी। उम्मीद है कि इन कलाकारों की कोशिश जल्द ही रंग लाएगी और मुस्लिम बंजारा समाज के साथ-साथ तमाम दर्शकों को काफी कुछ सीखने को मिलेगा।

No comments:

Post a Comment