Friday, January 18, 2019

युवा संसद की स्क्रीनिंग के दूसरे दिन 62 विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण

अतुल गौतम (NNI Coverage)
झाँसी, उ0प्र0। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय युवा संसदों के आयोजन की श्रृंखला में बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग के सभागार में जनपद स्तरीय युवा संसद हेतु प्रतिभागियों की दूसरे दिन स्क्रीनिंग की गई। जिसमें विभिन्न महाविद्यालयों से करीब 62 विद्यार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया। 
शुक्रवार को दूसरे दिन स्क्रीनिंग के प्रारम्भ में बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डाॅ. मुन्ना तिवारी ने युवा संसद के उद्देश्यों, लक्ष्यों व नियमों से प्रतिभागियों को अवगत कराया। साथ ही उन्होंने कहा कि युवा संसद भारत सरकार का अभिनव कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से सरकार ने युवाओं को सरकार के समानांतर संसद में प्रतिभागिता का अवसर प्रदान किया है, ताकि वे देश के नवनिर्माण में अपने विचारों एवं सुझावों के माध्यम से योगदान दे सके। 
विद्याथियों ने स्क्रीनिंग के दूसरे दिन भी भारत सरकार के कार्यक्रमों एवं योजनाओं पर आधारित विषयों के पक्ष-विपक्ष में अपने विचार रखते हुए, जहां एक ओर विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत अभियान के पक्ष में कसीदे पढें, वहीं बढते भ्रष्टाचार पर भी असंतोष जताया। कुछ विद्यार्थियों ने महिला सशक्तिकरण हेतु बेटी बचाओ बेटी पढाओ तथा सुकन्या योजना के पक्ष में अपनी बात रखी तो कुछ प्रतिभागियों ने महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर भी चिन्ता जाहिर की। 
वहीं बुविवि परिसर व सम्बद्ध महाविद्यालयों आर्य कन्या महाविद्यालय, टीकाराम महाविद्यालय मोंठ, श्रीराम धाम महाविद्यालय मऊरानीपुर, आरपी रिछारिया डिग्री कॉलेज बरुआसागर, स्वामी विवेकानन्द डिग्री कॉलेज, जय बुन्देलखण्ड डिग्री कॉलेज बबीना, रामस्वरुप महाविद्यालय पूंछ, विपिन बिहारी महाविद्यालय के करीब 62 विद्यार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया। कार्यक्रम का संचालन युवा संसद के नोडल अधिकारी डाॅ. मुहम्मद नईम ने किया। निर्णायक मण्डल के रुप में डाॅ. गजाला रिजवी व डाॅ. सीपी पैन्यूली रहे।

No comments:

Post a Comment