Monday, January 7, 2019

समाजवादी विकास, विजन एवं सामाजिक न्याय कार्यक्रम की हुई शुरुआत

अखिलेश श्रीवास्तव (NNI Coverage)
बहराइच (उ0प्र0)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यू पी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर जिले के सभी गांवों में समाजवादी विकास, विजन एवं सामाजिक न्याय कार्यक्रम की शुरुआत आज सपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण यादव ने विकास खण्ड जरवल के अलीनगर से करते हुए ग्रामवासियों को पूर्ववर्ती सपा सरकार में हुए विकास कार्यों की प्रचार सामग्री सौंपी और आसन्न लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में मत देने की अपील भी की । इस दौरान एक सभा को सम्बोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने वृहद जनसम्पर्क का अभियान छेड़ दिया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जिले के विकास एवं भावी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा किसानों का पूरा कर्ज माफ करने, प्रत्येक परिवार के खाते में 15 लाख रूपए पहुंचाने, प्रतिवर्ष दो करोड़ नौजवानों को रोजगार देने, भ्रष्टाचार समाप्त करने, किसानों की फसलों का उत्पादन लागत से डेढ़ गुना मूल्य देने तथा मंहगाई कम करने का वादा चुनाव से पूर्व किया गया था लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी भाजपा सरकार इस वादे पर खरी नही उतर सकी है । यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जहां हर मोर्चे पर विफल हो रही है वहीं अखिलेश यादव ने  23 माह की रिकार्ड अवधि में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की 302 किलोमीटर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण,सबसे बड़े 375 एकड़ के जनेश्वर मिश्र पार्क का निर्माण कर एशिया में कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं । वहीं लखनऊ में मेट्रो ट्रेन, 55 लाख गरीब महिलाओं को प्रतिमाह 5 सौ रूपए समाजवादी पेंशन, जिला मुख्यालयों को चार लेन सड़कों से जोड़ने का कार्य, लखनऊ में अमूल डेरी प्लांट की स्थापना, कैंसर अस्पताल का निर्माण, 16 लाख बच्चों को लैपटाॅप वितरण जैसे अद्वितीय कार्य किए गए। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी सरकार ने बजट का 75 प्रतिशत हिस्सा गांवों, किसानों तथा खेती के विकास कार्यों पर खर्च किया था।
कार्यक्रम का नेतृत्व सपा नेता शेष नरायन यादव ने किया । सभा को अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव सयूब अली ने भी सम्बोधित किया । इस दौरान अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष समसुद्दीन,गुफरान अंसारी, रियाज अहमद,विवेक मिश्रा मनोज यादव, अमरेंद्र यादव, प्रदीप यादव, रिंकू वर्मा,नुरुल इस्लाम,गरीबे चौहान,बाबू रावत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे । वहीं दूसरी तरफ शहर के चांदमारी में भी कार्यक्रम का आयोजन हुआ । जिसमें 14 दिवसीय कार्यक्रम के प्रभारी प्रदेश सचिव जय गोपाल सोनी जिला महासचिव जफर उल्ला खां एवं विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद अली उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment