श्रावस्ती, उ0प्र0। बुधवार को नई पेंशन प्रणाली के विरोध में सभी संघ के कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए जिला व ब्लॉक मुख्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
राज्य कर्मचारी शिक्षक,अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच के बैनर तले श्रावस्ती जिले के मुख्यालय भिनगा सहित सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर सभी शिक्षक व कर्मचारियों ने एक सुर में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर आवाज उठाते हुए जोरदार प्रदर्शन करते हुए महा हड़ताल की शुरुआत की।
ब्लॉक जमुनहा के मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए सीनियर ग्राम विकास अधिकारी राकेश वर्मा ने कहा कि नई पेंशन प्रणाली कर्मचारी विरोधी है। कर्मचारी हितैषी पुरानी पेंशन प्रणाली को बंद कर सरकार ने लाखों कर्मचारियों को बिल्कुल बेबस,बेसहारा छोड़ दिया है।
नई पेंशन स्कीम अमेरिका के इंटरनेशनल रिवेन्यू कोड पर आधारित है जोकि प्रारंभिक रूप से टैक्स बचाने के लिए लाया गया था। लेकिन, भारत सरकार ने इसे कर्मचारियों पर जबरदस्ती थोप दिया। अगर कर्मचारी वर्ग आज नहीं जागा तो एक समय ऐसा आएगा कि भविष्य में हमारे देश के सामने एक बहुत बड़ा संकट खड़ा होगा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष जनार्दन यादव ने कहा कि नई पेंशन योजना पूर्ण रूप से सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने में असफल रही है।यह कभी भी पुरानी पेंशन स्कीम की जगह नहीं ले पाई है और न ही आगे ले पाएगी। अगर सरकार समय रहते पुरानी पेंशन बहाल नहीं करती है तो लगातार आंदोलन जारी रहेगा और 2019 के चुनावों में पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा मुख्य रहेगा।ग्राम विकास अधिकारी विनोद कुमार मौर्या ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार को जल्द से जल्द अध्यादेश लाकर नई पेंशन को खत्म करके पुरानी पेंशन योजना को बहाल करना चाहिए ताकि कर्मचारियों का बुढ़ापा सुरक्षित हो सके।


No comments:
Post a Comment