Tuesday, March 5, 2019

जन-जन के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध-मा0 संयुक्त सचिव भारत सरकार


  • पंकज वर्मा (NNI Coverage)

श्रावस्ती(ब्यूरो)। जन-जन के विकास के लिए भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है इसके लिए तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन विभिन्न विभागों के माध्यम से किया जाता है। इसलिए सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों का दायित्व बनता है कि वे अपने-अपने विभागों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं/विकास कार्यक्रमों को धरातल पर उतारें, और हर पात्र व्यक्ति को जरूर लाभान्वित करें तथा यह भी ध्यान रखें कि कोई भी गरीब, असहाय, बेसहारा व्यक्ति सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वचिंत न रहने पावे।
          उक्त विचार संयुक्त सचिव भारत सरकार/जनद के नोडल अधिकारी नीतीश्वर कुमार  ने तहसील इकौना के अन्तर्गत कटरा श्रावस्ती में स्थित रेजीडेन्सी होटल में तमाम विभागों के जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ गहन समीक्षा करने के दौरान व्यक्त किया है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करने के दौरान उन्होने कहा कि जिले की हर गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण, उनके स्वास्थ्य की देखभाल एवं नवजात शिशु से लेकर पाॅच वर्ष तक के बच्चों का समय से टीकाकरण कराने के साथ हर गर्भवती महिलाओं एवं उनके नवजात बच्चों के टीकाकरण का लेखा जोखा ढंग से रखना होगा ताकि कोई भी गर्भवती महिला तथा नवजात शिशु टीकाकरण से वंचित न रह जाय। नोडल अधिकारी ने कहा कि मुख्य चिकित्साधिकारी जिले में स्वास्थ्य विभाग का मुखिया है इसलिए उनका दायित्व बनता है कि वे अपनी जिम्मेदारी बाखूबी नैतिकता के साथ निभायें और सरकार की मंशानुरूप जन-जन को सरकार द्वारा प्रदत्त स्वास्थ्य सुविधाएं एवं योजनाओं से जन-जन/पात्र जनों को लाभान्वित करायें।
           शिक्षा विभाग की समीक्षा पर उन्होने कहा कि यह जनपद शिक्षा के क्षेत्र में बहुत पीछे है जिस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, गुरूजनों को बच्चों की अभिरूचि के अनुसार पढ़ना चाहिए जिससे बच्चों को समझने में किसी भी प्रकार की समस्या न हो, टीम भावना के साथ काम करकेे साक्षरता दर को बढ़ाने के लिए लोगों से विशेष प्रयास करने की अपील की है।
       कृषि विभाग की समीक्षा पर पाया गया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की गति बहुत धीमी है जिस पर नोडल अधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई तथा निर्देश दिया के इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा जनपद में संचालित जन सेवा केन्द्रों के संचालकों के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार भी करें। इसके साथ ही उन्होने कहा कि देश एवं प्रदेश सरकार किसानों के उत्थान हेतु प्रतिबद्ध है और उनकी आपदनी दुगनी करने के लिए भी भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा विशेष प्रयास किये जा रहे है और इसके लिए सरकार द्वारा तमाम योजनाओं का संचालन कर किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। मा0 प्रधानमंत्री जी के ‘‘वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दुगना करने’’ के विजन को प्राप्त में एक सार्थक कदम है।
         मा0 संयुक्त सचिव ने बैठक में उज्जवला योजना, सौभाग्य योजना, उजाला योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजनाओं के बारें में समीक्षा की तथा योजनाओं के लक्ष्य की पूर्ति के बारे में सम्बन्धित अधिकारियों से वार्ता कर जानकारी ली।
       समीक्षा बैठक का संचालन जिलाधिकारी दीपक मीणा ने किया।
        इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अवनीश राय, पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 वी0के0 सिंह, एल0डी0एम0, अधिशाषी अभियन्ता जल निगम सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment