Friday, March 29, 2019

तो, क्या अब कलाकार लगाएंगे भाजपा की नैया पार . . . . ?

सं0सू0 एजेंसी (NNI Coverage) 
आजमगढ़/वाराणसी, उ0प्र0। आजमगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी ने अखिलेश यादव के खिलाफ प्रत्याशी न उतारने का फैसला कर लिया है। दिनेश लाल यादव निरहुआ के भाजपा ज्वाइन करने के बाद जनपद से उनके भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। निरहुआ को प्रत्याशी बनाए जाने की अटकलों के बीच सोशल मीडिया हर तरह के कमेंट से भर गया है। कई लोग हैरानी जता रहे हैं कि क्या आजमगढ़ में कोई ऐसा नेता नहीं है जो जनपद का प्रतिनिधित्व कर सके। यहां तक कि कुछ लोगों ने जनपद की जनता की मर्जी से अपना प्रत्याशी उतारने की भी वकालत की है। किसी ने तो यहां तक कहा कि जिसे मौका मिला उसने आजमगढ़ को ठगा, रमाकांत को कई बार मौका मिला लेकिन कुछ नहीं किया, अकबर अहमद डंपी को मिला तो भाग लिए, मुलायम सिंह यादव को मिला तो मुंह मोड़ लिए। कुछ लोगों ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से स्थानीय कार्यकर्ता को टिकट देने की अपील भी कर दी। वहीं कुछ लोगों की राय थी कि जो निरहुआ कभी सपा के लिए वोट की गुहार करता था वही अब आजमगढ़ से सपा मुखिया के खिलाफ बिगुल बजाएगा। वहीं चर्चाओं के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं में भी इस बात को लेकर रोष है। बताते चलें कि भाजपा से टिकट के लिए कई दिग्गज नेता पहले से लाइन में लगे हैं। इनमें पूर्व सांसद रमाकांत यादव, अखिलेश मिश्रा गुड्डू, सहजानंद राय, सत्येेंद्र राय छोटू आदि शामिल है। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह निरहुआ को प्रत्याशी बनाए जाने से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि पार्टी उन्हें टिकट नहीं देगी हो सकता है कि वह पार्टी के स्टार प्रचारकों में रहें। वैसे शीर्ष नेतृत्व का जो भी निर्णय होगा वह मान्य होगा। 
            भोजपुरी गायक एवं अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ के बाजपा से आजमगढ़ संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित होने की अटकलों के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव शशि प्रकाश सिंह मुन्ना समेदा ने निरहुआ को अपना आवास ‘देवभूमि‘ चुनावी कार्यालय के रूप में उपलब्ध कराने की बात कही है। ये घोषणा उस समय हुई है जब भाजपा की ओर से उचित सम्मान नहीं मिलने पर पार्टी सुप्रीमो ओमप्रकाश राजभर शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। शशि प्रकाश ने कहा कि सपा प्रमुख महज अपने पिता की विरासत को संभालने आ रहे है, जबकि निरूहुआ संघर्षों के बूते जनपदवासियों का स्नेह हासिल करते हुए युवाओं का दिल जीतेंगे। उन्होंने निरहुआ को पूर्वांचल की शान बताया। कहा कि भोजपुरी को फर्श से अर्श तक पहुंचाने का काम निरहुआ ने किया है।

No comments:

Post a Comment