Tuesday, April 30, 2019

राहुल को नागरिकता संबंधी नोटिस पर बौखलाई बहन प्रियंका

ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव (सह संपादक NNI Coverage)
लखनऊ, उ0प्र0। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की नागरिकता पर मचे कोहराम पर अब उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया भी आ गई है। प्रियंका ने इस पूरे विवाद को बकवास बताते हुए कहा कि पूरा हिंदुस्तान जानता है कि राहुल गांधी हिंदुस्तानी हैं। बता दें कि राहुल पर ब्रिटिश नागरिकता होने का आरोप लगा है, जिसपर गृह मंत्रालय ने नोटिस जारी करके उनसे 15 दिन के अंदर जवाब दाखिल करने को कहा है। चुनाव प्रचार में जुटीं प्रियंका से गृह मंत्रालय के पत्र पर सवाल किया गया था। इसपर उन्होंने कहा, 'मैंने ऐसी बकवास पहले कभी नहीं सुनी। पूरा हिंदुस्तान जानता है कि राहुल गांधी हिंदुस्तानी हैं। वह यहीं पैदा हुआ, यहीं उनकी परवरिश हुई है।'



क्या है मामला
बीजेपी सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने गृह मंत्रालय को एक चिट्ठी लिखकर राहुल को ब्रिटिश नागरिक होने का दावा किया है। इस शिकायत के बाद कांग्रेस अध्यक्ष को गृह मंत्रालय ने नोटिस जारी किया है। राहुल को 15 दिनों के अंदर नोटिस का जवाब देना है। कांग्रेस ने स्वामी के इन आरोपों का खंडन किया है और राहुल को जन्म से भारतीय बताया है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री ने मंत्रालय के नोटिस को एक सामान्य प्रक्रिया करार दिया है।


बीजेपी भी हमलावर
नागरिकता पर गृह मंत्रालय का नोटिस जाने के बाद बीजेपी भी राहुल और कांग्रेस पार्टी पर हमलावर हो गई है। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल को हकीकत बतानी होगी। उन्होंने कहा कि राहुल की यात्रा, कंपनी और डिग्री हर चीज संदिग्ध है। उन्होंने कहा, 'राहुल और कन्फ्यूजन पर्यायवाची हैं। राहुल के पदचिह्न हिममानव की तरह हैं। यह पद चिह्न कहां जा रहे हैं। बीजेपी ने पूछा कि राहुल लंदन वाले हैं या लुटियंस वाले यह साफ करें।

No comments:

Post a Comment