Friday, April 12, 2019

मतदाता शिक्षा निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत रैली

कैलाशनाथ रांना (NNI Coverage)
जरवल, (बहराइच) मंगलवार को जनपद के विकासखंड जरवल के ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में मतदाता शिक्षा निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के अंतर्गत मतदाता जागरूकता व स्कूल चलो रैली का आयोजन किया गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी श्याम किशोर तिवारी व नायब तहसीलदार कैसरगंज श्री विनीत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तथा खण्ड विकास अधिकारी श्री राम अवतार सिंह कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे । कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम प्राथमिक विद्यालय जरवल रोड प्रथम की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। ततपश्चात पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने मतदान के लिए जाति, धर्म से ऊपर उठकर मतदान करने के संदेश पर आधारित एकांकी का मंचन किया। कार्यक्रम में अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री विनीत ने कहा कि हर भारतीय के लिए ये गर्व का विषय है कि हम विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र देश के निवासी हैं, संवैधानिक प्रक्रिया के तहत हमें प्रत्येक 5 वर्ष बाद अपनी सरकार चुनने का अवसर प्राप्त होता है। आज हम शपथ लेते हैं, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे, मतदान के दिन सभी निजी कामों को छोड़कर पहले अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कार्यक्रम में मौजूद लोगो से बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री श्याम किशोर तिवारी ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान के साथ-साथ नवीन सत्र में स्कूल चलो अभियान की भी शुरुआत हो चुकी है, जिसके तहत 0 से 14 वर्ष के सभी बच्चों को निशुल्क व अनिवार्य शिक्षा के अधिकार के तहत नवीन शैक्षिक सत्र में बच्चों का नामांकन अवश्य कराएं । उन्होंने कहा कि शिक्षा हमेशा से सरकार के प्रमुख एजेंडे में रही है। जनपद में परिषदीय विद्यालयों में परिवर्तन की बयार चल रही है। हमारे स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं में हमने पहले से काफी हद तक सुधार कर लिया है, अब हमारा लक्ष्य बच्चो को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मन लगाकर जुट जाने का है। साथ ही जोड़ा की जनपद में शिक्षकों की मेहनत और लगन से सकारात्मक परिणाम मिलने शुरू हो गए हैं इसके बाद मुख्य अतिथि ने संयुक्त रूप से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । रैली ब्लॉक संसाधन केंद्र से शुरू होकर थाना जरवल रोड से होते हुए किसान इंटर कॉलेज, अली नगर चौराहा, तूफानी चौराहे से होकर वापस वहीं पर समाप्त हुई।  रैली में बच्चे और शिक्षक अपने हाथों में 'सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो,' मतदान की लाइन टूटे न, कोई भी मतदान से छूटे न..और बच्चे मांगे प्यार दो, शिक्षा का अधिकार दो, मम्मी पापा हमे पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ जैसे स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर 'स्कूल चलो' के   नारे को बुलंद कर रहे थे। कार्यक्रम के अंत मे आयोजक  खण्ड शिक्षा अधिकारी जरवल बलदेव प्रसाद यादव ने उपस्थित लोगो से 6 मई को मताधिकार के प्रयोग की शपथ दिलाई। इस अवसर पर क्षेत्रीय नागरिक समेत ब्लॉक के तमाम शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment