Monday, May 27, 2019

दरगाह में बिन दूल्हे की बारातों का आना शुरू

अखिलेश श्रीवास्तव (NNI Coverage) 

बहराइच, उ0प्र0। जिले में गाजी मियां का मशहूर मेला शुरू हो गया है। इस मेले की रौनक तब और भी बढ़ गई जब रविवार देर शाम बारातों का आगमन शुरू हो गया। देश-विदेश में मशहूर गाजी मियां का मशहूर ज्येष्ठ मेला उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में शुरू हो चूका है। मुख्य मेला रविवार की देर शाम बारातों के आगमन से गुलजार हुआ। नाचते गाते पलंग पीढ़ी समेत बारातें आ रही हैं। बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंच रहे हैं। सुबह से ही मजार-ए-शरीफ को फूलों से दूल्हे की तरह सजाया गया। सर पर सेहरा भी रखा गया। समिति ने मजार-ए-शरीफ पर पहली चादर चढ़ाई। मुख्य दरवाजा बारातों के लिए खोल दिया गया। हजारों जायरीन दरगाह पर मत्था टेकने के लिए पहुंच गए और गागर व चादर चढ़ाई। दरगाह समिति के अध्यक्ष सैय्यद शमशाद ने बताया कि शनिवार देर रात से बारातों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। पूरे देश से हजारो की संख्या में बारातें पहुंचीं। जायरीनों ने अपनी बारात के साथ लाए गए दहेज का सामान पलंग, पीढ़ी, फल, फूल, मेवा, गहना व कपड़ा चढ़ाया। 

No comments:

Post a Comment