संवादसूत्र एजेंसी (NNI Coverage)
कुशीनगर, उ0प्र0। कुशीनगर एयरपोर्ट से तय समय पर उड़ान शुरू न हो सके। इसके लिए प्रदेश सरकार व मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ पर साजिश रचने का आरोप लगाते सपा नेता व पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने शनिवार को अनिश्चितकालीन आंदोलन की शुरुआत कर दी। दोपहर में मूसलाधार बारिश के बीच पूर्व मंत्री ने सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं के साथ मौन जुलूस निकाला। इसी बीच एयरपोर्ट अथार्टी आफ इंडिया गोरखपुर के निदेशक ए. के. द्विवेदी ने पूर्व मंत्री से वार्ता कर लिखित में एयरपोर्ट चलने का आश्वासन दिया। पर पूर्व मंत्री ने दिल्ली की अथार्टी के लिखित देने पर आंदोलन स्थगित करने की बात कही। रविवार को सपा मशाल जुलूस निकालकर आंदोलन को और तेज करेगी।
मौन जुलूस निकाले जाने के पहले पूर्व मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत की। पूर्व मंत्री ने कहा ढाई साल की योगी सरकार में एयरपोर्ट को बजट नहीं मिला। जबकि जेवर व अयोध्या में एयरपोर्ट को बजट दिया गया। गोरखपुर में नया एयरपोर्ट बनाए जाने के लिए जमीन की तलाश शुरू हो गई। इसी बीच सचिवालय से एयरपोर्ट की फाइल का गायब हो जाना यह साबित करता है कि कुशीनगर एयरपोर्ट के साथ साजिश की जा रही है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने एयरपोर्ट को लेकर सरकार की नीयत पर सन्देह जताया था, जो सच साबित हुआ है। पर सपा ऐसा नहीं होने देगी। एयरपोर्ट सपा मुखिया अखिलेश यादव का सपना है। उन्होंने एयरपोर्ट के निर्माण के लिए 200 करोड़ का बजट दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि योगी सरकार अपनी हरकत से बाज आए। उड़ान शुरू होने तक सपा का आंदोलन चलेगा। मौन जुलूस में पूर्व राज्यमन्त्री राधेश्याम सिंह, नथुनी कुशवाहा, अलाउदीन अंसारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।जुलूस में शामिल लोगों ने पूरे शहर के भ्रमण किया।

No comments:
Post a Comment