सतनाम सिंह (NNI Coverage जिला संवाददाता)
सीतापुर (उ0प्र0)। सरकार की तमाम सख्ती के बावजूद जिला सीतापुर में तीन तलाक का गंभीर मामला सामने आया है। जनपद के थाना खैराबाद क्षेत्र में तुर्कपट्टी की रहने वाली अफसाना पुत्री भूरे ने अपने पति व ससुराल वालों पर संगीन आरोप लगाए हैं। अफसाना का कहना है कि उसका निकाह मई 2019 में मुस्लिम रीति रिवाज से थाना महमूदाबाद के ग्राम लिधौरा निवासी सद्दाम पुत्र बरकत अली के साथ हुआ था। निकाह के अगले ही दिन उसका पति जरूरी काम बताकर बाहर चला गया फिर वापस नहीं आया। अफसाना ने जब अपने पति सद्दाम से फोन करके बात करने की कोशिश की तो उसके सास, ससुर व चचिया ससुर हजारी पुत्र मो0 उमर भद्दी भद्दी गालियां देते हुए कहने लगे कि तुम कंगाल घर की हो, दहेज में कम से कम एक मोटरसाइकिल तो देना ही था। फिर अफसाना ने जब अपने पति से बात कराने को कहा तो उसने भी वही जुबान बोली और मोटरसाइकिल न मिलने के कारण उसे बिदा नहीं कराने की बात कही। अंत में 3 अगस्त 2019 की सुबह करीब 9 बजे अफसाना के फोन पर सद्दाम का फोन आया और उसने कहा कि तुम्हारे मायके वाले मोटरसाइकिल नहीं दे सकते इसलिये मैं तुम्हें तीन तलाक दे रहा हूं। यह कहते हुये उसने तलाक, तलाक, तलाक बोलकर फोन काट दिया। अफसाना इस बात को लेकर काफी परेशान है और आत्महत्या कर लेने की धमकी भी दे रही है हालांकि उसने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगायी है और पुलिस ने अफसाना के पति सद्दाम और बाकि ससुराल वालों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 504, दहेज़ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3, 4 एवं मुस्लिम महिला अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं अफसाना के घरवालों का कहना है कि सद्दाम ने किसी दूसरी औरत के चक्कर में ऐसा किया है।
अफसाना का फरार पति सद्दाम पुत्र बरकत अली, थाना महमूदाबाद जिला सीतापुर (उ0प्र0)

No comments:
Post a Comment