Saturday, August 24, 2019

बच्चा चोरी के बाद बवाल में ढाई सौ पर मुकदमा दर्ज

असगर अली (NNI Coverage ब्यूरो उ0प्र0)
लखीमपुर खीरी / उ0प्र0। बीती शाम बच्चा उठाने के आरोप में पीटे जा रहे व्यक्ति को बचाने की कोशिश के बाद पुलिस गाड़ी पर पथराव और अमले को चोट पहुंचाने के मामले में पुलिस ने 277 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें 27 नामजद व ढाई सौ अज्ञात लोग शामिल हैं।
बलवा, मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने आदि की धाराओं के तहत दर्ज मुकदमे के बारह आरोपियों को पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बुधवार रात गिरफ्तार भी कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने उन दोनों लड़कों के बयान लेते हुए पूछताछ भी की जिनको अगवा करने की कथित कोशिशें हुईं। कस्बे के भेड़ौरा मोहल्ले के बरगद चौराहे के पास रहने वाले सुशील कुमार पंडा का दस साल का लड़का जीतू बुधवार शाम करीब सात बजे थोड़ी दूर दुकान से सामान खरीदने गया था। आरोप है कि तभी एक संदिग्ध व्यक्ति ने उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश की। इस पर लड़के ने शोर मचा दिया। शोर सुनते चौराहे पर जमा हुई भीड़ ने बिना कुछ सोचे-समझे आरोपी युवक को पीटना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने भीड़ से बचाकर आरोपी को अपने साथ थाने ले जाने का प्रयास किया। इसके पर भीड़ में शामिल अराजक तत्वों ने पुलिस की गाड़ी पर हमला और पथराव शुरू कर दिया। इससे एक सिपाही और एक होमगार्ड चोटिल हो गए तथा गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया। मोहल्ले के जिम्मेदार लोगों ने काफी मशक्कत के बाद पुलिस की गाड़ी वहां से निकलवाकर थाने भिजवाई। पुलिस ने घटना में शामिल सत्ताइस उपद्रवियों को नामजद करते हुए ढाई सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, घर में घुसकर पीटने और सरकारी काम में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने रात भर दबिश देकर बारह उपद्रवियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। एसओ अजय कुमार राय ने बताया कि पुलिस के साथ अभद्रता और पथराव की घटना में शामिल सभी अराजक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू की गई है।

No comments:

Post a Comment