संदीप कुमार चौधरी (NNI Coverage जनपद ब्यूरो)
कुशीनगर, उ0प्र0। उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के विशुनपुरा क्षेत्र में शुक्रवार अज्ञात कारणों से लगी आग में 30 झोपडियां जलकर स्वाहा हो गयी। आग से लाखों रूपये के नुकसान का अनुमान है हालांकि इस हादसे में जनहानि नहीं हुयी। पुलिस ने बताया कि बांसगांव खलवापट्टी में शुक्रवार की आधी रात आग लग जाने से 30 लोगों की झोपड़ियां और उनमें रखा सामान जल गया। आग की लपटों में घिरकर पांच बकरियां भी जलकर मर गईं। ग्रामीणों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया। शनिवार की सुबह ग्राम प्रधान ने सभी पीड़ित परिजनों को आर्थिक मदद व भोजन का इंतजाम कराया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना और राहत सामग्री वितरित की।
उन्होने बताया कि गांव के लल्लन निषाद के घर में मध्यरात्रि आग लग गई। आग की तपन महसूस होने पर घर के लोगों की नींद खुली तो शोर मचाया। कुछ ही देर में आग की लपटें फैल गईं। ग्रामीण किसी तरह परिवार के सदस्यों को बाहर निकालने में सफल रहे। झोपड़ियों में बंधी गाय-भैंसों को खोलकर बाहर भगाया गया। इस घटना में लल्लन के अलावा शारद देवी, रमाशंकर, प्रभु, मक्खन, विरझन, रामायण, किरा, सम्पत, शिवनाथ, घुरी, साहेब, सुरेश, भोला, हरिहर, हीरा, मेहीलाल, धारी, बुन्नीलाल, मारकंडेय, रामबचन, कुमार, अमरजीत, रामदेव, श्यामधारी, विष्णु, भोला, रामजी, संतोष, तूफानी व व्यास आदि की झोपड़ियां जल गईं। आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसओ विशुनपुरा आलोक कुमार सोनी ने फायर सर्विस की गाड़ी बुलाने के साथ ही एसपी को भी सूचना दी और आग बुझाने में ग्रामीणों के साथ जुट गए। ग्रामीणों ने पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मिलकर आग पर काबू पाया।इस घटना में झोपड़ी में रखे गृहस्थी के सभी सामान जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा सुरेश की दो एवं खीरा देवी की तीन बकरियां भी जल गईं। ग्राम प्रधान कन्हैयालाल यादव ने पीड़ित परिवारों को 1500-1500 रुपये की तत्काल सहायता तथा भोजन की व्यवस्था कराया। जानकारी मिलने पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं तमकुहीराज के विधायक अजय कुमार लल्लू भी पहुंचे और पीड़ित परिवारों में राहत सामग्री का वितरण किया। तमकुहीराज के एसडीएम एआर फारूकी एवं राजस्व निरीक्षक अकरम अली ने गांव पहुंचकर नुकसान का आकलन कर प्रशासन को रिपोर्ट भेजा है।

No comments:
Post a Comment