अखिलेश श्रीवास्तव (NNI Coverage जनपद ब्यूरो)
बहराइच, उ0प्र0। जिले के वन प्रभाग के सदर रेंज के सुरजना गांव में सोमवार को दोपहर एक तालाब में मछली के जाल में मगरमच्छ फंस गया। मगरमच्छ को देखते ही मछुआरों में हड़कंप मच गया। आसपास व दूरदराज के गांवों से लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। किसी ने इसकी सूचना वन महकमे के सदर कार्यालय में दी। रेंजर डीके सिंह वन महकमे की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मगरमच्छ को काबू में करके वाहन पर लादने में भारी भीड़ के चलते कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में उसे घाघरा नदी में छोड़ दिया गया है। भारी भीड़ के बावजूद कोई पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
हरदी थाने के सुरजना गांव के बाहर एक झीलनुमा बड़ा तालाब है। सोमवार की सुबह कुछ मछुआरों ने मछली के शिकार को बड़ा जाल डाला था। अपरान्ह लगभग एक बजे जाल में काफी भार महसूस होने पर मछुआरों ने जाल अपनी ओर खींचने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत से जाल को किनारे लाया जा सका। जैसे ही जाल पानी से बाहर हुआ, उनमें अफरातफरी मच गई। जाल में मछली के बजाय मगरमच्छ फंसा हुआ छटपटा रहा था। लोगों की भीड़ लगने लगी। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जाल में फंसे मगरमच्छ को देखने आने लगी। खबर जंगल की आग की तरह फैली। मगरमच्छ के नजारे को लोगों का सैलाब उमड़ने लगा। भीड़ में धक्का मुक्की होने लगी। किसी ने इसकी सूचना वन महकमे को दी।रेंजर डीके सिंह, वन दरोगा कृष्ण बहादुर सिंह, वन रक्षक प्रताप सिंह राणा, राजेन्द्र राव मौके पर पहुंचे। अनियंत्रित भीड़ का वन महकमे की टीम को भी सामना करना पड़ा। लोगों को समझाकर हटाया गया। किसी प्रकार मगरमच्छ को काबू में कर वाहन पर लादकर घाघरा नदी ले जाया गया। रेंजर डीके सिंह ने बताया कि मगरमच्छ की आयु लगभग एक साल से अधिक रही होगी। उसे नदी में छोड़ दिया गया है।

No comments:
Post a Comment