कैलाशनाथ राना (NNI Coverage
कैसरगंज/जरवल रोड (बहराइच) उ0प्र0। इन दिनों बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में लोकतंत्र की परिकल्पना को समझने हेतु बाल संसद व मीना मंच का गठन किया जा रहा है, जिसमें बच्चे लोकतांत्रिक व्यवस्था से रूबरू हो रहे हैं । इन चुनाव से बच्चो के लिए मतदान की प्रक्रिया भी बिलकुल वैसी ही आयोजित की जाती है जैसे आम चुनावों में शनिवार को विकास खंड जरवल के ग्राम पंचायत भौली स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय भौली में अध्ययनरत बच्चों ने अपनी मनपसंद सरकार चुनी। नो बैग डे पर आयोजित बाल संसद कार्यकारिणी गठन में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव कार्यक्रम संपन्न हुआ। विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद मुजम्मिल मतदान प्रक्रिया में चुनाव प्रेक्षक की भूमिका में रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निम्दीपुर न्याय पंचायत समन्वयक श्री आरिफ हाशमी ने चुनाव नतीजों की घोषणा की, तथा विजयी प्रत्याशियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इससे पहले बाल संसद की आवश्यकता व उनके कार्य विषय पर बच्चो को जानकारी दी गयी। उक्त मतदान प्रक्रिया में प्रत्याशी नामांकन, नाम वापसी, व बच्चो द्वारा बनाये गए पोलिंग बूथ पर अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए छात्रों ने अपनी मनपसन्द सरकार चुनी। लोकतंत्र की इस झांकी में बच्चे पूरे उत्साह से लबरेज रहे। नामांकित 126 के सापेक्ष कुल 92 छात्रों ने वोट डाले। कुल 71.42% मतदान हुआ। प्रधानमंत्री पद पर कक्षा 7 की छात्रा गुंजा ने अपने प्रतिद्वंद्वी प्रवेश को 22 मतों से हराया। गुंजा को 57 तो प्रवेश को 35 वोट मिले। उपप्रधानमंत्री पद पर बच्चो ने कुंदन पर भरोसा जताया। कुंदन ने काजल को 7 वोट से पराजित किया। कुंती शिक्षामंत्री, मो० आलम स्वास्थ्य व स्वच्छता मंत्री और सांस्कृतिक मंत्री पंकज मनोनीत हुए। जबकि कक्षा 8 की छात्रा मनीषा को सर्वसम्मति से पॉवर एंजेल के लिए चुना गया। इस अवसर पर नवगठित बाल संसद को मूलमंत्र देते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि बाल संसद के गठन का उद्देश्य बच्चो का सर्वागीण विकास करना है। प्रत्येक शनिवार को बच्चे अपनी संसद में प्रतिभाग करें, इससे छात्रों में दायित्व बोध, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, अभिव्यक्ति कौशल आदि का विकास होता है। कार्यक्रम में शिक्षिका अर्चना पांडेय, नरोत्तम सेंगर, अभिभावक बृजमोहन, रूपनारायण, बहादुर, हनीफ समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment