Friday, October 25, 2019

सपा के पक्ष में सजातीय मतों को लामबंद करने में अहम भूमिका

प्रिया यादव (NNI Coverage अपराध संवाददाता)
अम्बेडकर नगर, उ0प्र0। 280 -जलालपुर विधानसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी सुभाष राय की जीत ने कई मठाधीशों के समीकरणों को ध्वस्त कर दिया। भाजपा द्वारा पूर्व विधायक पवन पाण्डेय को दरकिनार किया जाना तथा उनका सपा के पक्ष में खुलकर सजातीय मतों को लामबंद करना सुभाष राय की जीत का प्रमुख कारण बना। जिले की राजनीति में लगभग हाशियें पर पंहुच चुके पूर्व विधायक पवन पाण्डेय ने जलालपुर के उपचुनाव में सपा प्रत्याशी को जीत दिलाकर एक बार फिर से अपनी महत्ता को साबित कर दिया है। मतदान के लगभग सप्ताह भर पूर्व पवन पाण्डेय ने ब्राहम्ण बाहुल्य गावों में जाकर सजातीय मतों को सुभाष राय के पक्ष में लामबंद करने का पूरा प्रयास किया। उनका यह प्रयास रंग भी लाया। 
मतगणना के 16वें राउन्ड तक तीसरे स्थान पर रहे सुभाष राय ने अचानक छलांग लगाई और भाजपा प्रत्याशी राजेश सिंह को पीछे कर दूसरे स्थान पर पंहुच गये। यहीं से उनके आगे बढ़ने का सिलसिला तब तक जारी रहा जब कि उनकी जीत सुनिश्चित नही हो गयी। बसपा के साथ कांटे की टक्कर में जीत की बाजी अंततः सुभाष राय के हाथ लगी। सुभाष राय की जीत से पूर्व विधायक पवन पाण्डेय की भूमिका राजनीतिक दृष्टिकोण से एक बार फिर महत्वपूर्ण हो गयी है। इसके पूर्व सुल्तानपुर लोकसभा क्षेत्र से मेनका गांधी की जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने सजातीय मतों को भाजपा के पक्ष में लामबंद करने का काम किया था जिसके चलते ही सुल्तानुपर में भाजपा की जीत सुनिश्चित हो पायी थी।

No comments:

Post a Comment