Friday, October 25, 2019

ब्राह्मण, अल्पसंख्यक व दलित मतदाताओं का बिगड़ा समीकरण

प्रिया यादव (NNI Coverage अपराध संवाददाता)
अम्बेडकर नगर, उ0प्र0। 280 -जलालपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत के लिए भारतीय जनता पार्टी ने भले ही अपनी पूरी ताकत झोंक दी लेकिन रूझानों से जो परिदृश्य सामने आ रहा है, उसमें इस विधानसभा क्षेत्र में साइकिल की रफ्तार काफी तेज दिखी। यदि भाजपा का कमल यहां खिलने से रहा तो उसके लिए भाजपा नही बल्कि प्रत्याशी की भूमिका अहम होगी। इसके लिए पार्टी में अन्तिम समय में चला अर्न्‍तविरोध ने भी अहम भूमिका निभाई है। जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में ब्राह्मण मतदाताओं को निर्णायक माना जाता रहा है। इन मतों को सहेजने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने ब्राह्मण नेताओं की पूरी फौज उतार दी थी लेकिन शायद वे ब्राह्मण मतों को भाजपा की तरफ मोड़ पाने में सफल नही हो सके। मतदान के दौरान इस वर्ग का झुकाव सपा की तरफ देखा गया। इसका कारण पूछने पर कुछ मतदाताओं ने बताया कि वे सपा को नही बल्कि उसके प्रत्याशी के व्यवहार के कारण मत दे रहे हैं। 
अल्पसंख्यक मतों का झुकाव भी ज्यादातर सपा की ही तरफ देखा गया। भारतीय जनता पार्टी को जिताने में अहम भूमिका अदा करने वाले अन्य पिछड़ा वर्ग के ज्यादातर मतदाता भी सपा के पाले में ही जाते देखे गये। बहुजन समाज पार्टी को दलित व कुर्मी मतों का समर्थन मिला है। ऐसे में बसपा प्रत्याशी को भी कम करके आंकना उचित नही होगा। फिलहाल जो राजनीतिक स्थिति देखने को मिली उससे यही प्रतीत होता है कि उपचुनाव में सपा की साइकिल की चाल को रोक पाना किसी भी दल के लिए आसान नही होगा।

No comments:

Post a Comment