Saturday, November 23, 2019

शौचालय खुदाई में मिलीं कई तलवारें, क्षेत्र में मचा हड़कंप

अनूप मिश्रा (NNI Coverage तहसील संवाददाता)
पयागपुर, बहराइच (उ0प्र0)। जनपद की पयागपुर तहसील अन्तर्गत दपौली ग्रामसभा में शौचालय का गढ्डा खोदते हुए पुरातात्विक तलवार व अन्य हथियार मिले हैं। पयागपुर थाना पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर इंचार्ज पारस प्रसाद समेत कई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और हथियार को अपने कब्जे में कर लिया है। 
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पयागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा खरिया दपौली के राम सुख शर्मा पुत्र राम उग्र शर्मा स्वच्छ भारत अभियान के तहत सरकारी योजनान्तर्गत अपनी जमीन में शौचालय का टैंक खुदवा रहे थे कि करीब 5 फुट गहराई पर प्राचीन समय की करीब 2 दर्जन तलवारें मिट्टी में दबी हुई एक साथ मिलीं जिससे हड़कंप मच गया। तलवार की लंबाई तकरीबन डेढ़ मीटर तक बताई जा रही है, वहीं जंग लगने के बावजूद तलवारों की वजन करीब 1 किलो तक हो सकती है। कुछ लोगो का मानना है कि ये सब पूर्वजों के द्वारा रखे गये हथियार हैं। दिखने में ऐसा लग रहा है कि हथियार जमीन के उपरी तल पर ही पड़े थे। पूर्वजों से वार्ता करने पर पता चला कि ये पुरातात्विक हथियार राजा महाराजा के जमाने के हथियार हैं। फिलहाल पुलिस जाँच मे जुट गयी है लेकिन घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

No comments:

Post a Comment