कैलाश नाथ राना (NNi Coverage तहसील संवाददाता)
कैसरगंज, बहराइच (उ0प्र0)। तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार बालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य बालक सहित तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें पुलिस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हजूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम प्रहलाद पुरवा निवासी 30 वर्षीय रमजान पुत्र सैफुद्दीन शनिवार को सुबह अपनी 28 वर्षीय पत्नी रिजवान, 2 वर्षीय बालक नूरे व 5 वर्षीय बालिका सबा के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। जरवलरोड थाना क्षेत्र के लखनऊ- बहराइच हाईवे पर बरवलिया मोड़ के निकट सामने से आ रही अनियंत्रित कार सुबह लगभग 9.30 बजे बाइक से टकरा गई। इस हादसे में महिला की गोदी में बैठा 2 वर्षीय बालक नूरे की कार की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई, जबकि महिला, बाइक चालक व 5 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक ब्रजेन्द्र पटेल ने बताया कि कार चालक नेपाल गंज निवासी गंगा कहार पुत्र जमुना बहादुर को कार सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। कार सवार युवक नेपालगंज से कानपुर जा रहा था।

No comments:
Post a Comment