कैलाश नाथ राना (NNI Coverage तहसील संवाददाता)
कैसरगंज, जरवल/बहराइच (उ0प्र0)। जनपद और आस पास के जिलों में बेमौसम हुई बरसात और ओलावृष्टि से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। पारा लुढकने से ठिठुरन बढ़ गयी है जिससे लोग घरों में दुबक गये हैं। गन्ना, सरसों, आलू समेत सब्जी वाली फसलें चौपट हो गई हैं। गेहूं की फसल को भी क्षति पहुंची है। रुक रुक कर हो रही बारिश के चलते खेतों में पानी भरने से गेहूं की बुआई का कार्य ठप हो गया है। तेज हवा के चलते गन्ने और सरसों की तैयार फसल खेतों में बिछ गई है। इससे किसानों को नुकसान बताया जा रहा है और अन्नदाता पर मौसम की मार पड़ी है।
गुरुवार की शाम से मौसम ने अचानक करवट बदली और आसमान में बादल घिर आये। शाम से बूंदाबांदी शुरू हो गई। देर रात बारह बजे के बाद से तेज हवाओं के साथ झमाझम बरसात और कुछ जगह ओलावृष्टि हुई। लखनऊ, बाराबंकी, बहराइच, अयोध्या, गोंडा बलरामपुर सहित अवध के सभी क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाओं के चलने से भारी नुकसान बताया जा रहा है। कृषि विभाग के अधिकारी और लेखपाल क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आंकलन करने में जुट गए हैं।

No comments:
Post a Comment