Saturday, January 18, 2020

जम्मू कश्मीर से पहुंचा जवान का शव, नम आंखों से हुई अंतिम विदाई

संदीप कुमार चौधरी (NNI Coverage जनपद ब्यूरो) 
कुशीनगर, उ0प्र0। जम्मू कश्मीर में हुए हिमस्खलन के दौरान सीमा की सुरक्षा करते हुए शहीद हुए जवान का पार्थिव शरीर शुक्रवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा। सेना की विशेष टुकड़ी ने सम्मान के साथ पार्थिव शरीर को परिजन को सुपुर्द किया। जवान का शव गांव में पहुंचते ही घर में रुदन मच गया। इसी बीच शव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने तक अंतिम संस्कार नहीं किये जाने की बात कही गई। मौके पर पहुंचे आला अधिकारियों ने समझाने के बाद यह बात मुख्यमंत्री तक पहुँचवाई। फिर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने परिजन से बात की। उनकी सभी मांगों को यथासंभव पूरा करने का आश्वासन दिया। फिर देर शाम को हजारों नम आंखों की विदाई के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया गया।कुशीनगर के तमकुहीराज क्षेत्र के दुमही गांव के चंद्रभान चौरसिया करीब पांच साल पहले भारतीय सेना में नर्सिंग स्टाॅफ के रुप में भर्ती हुए थे। सेना में भर्ती होने के बाद साल 2015 में चंद्रभान की शादी बड़े धूमधाम से हुई थी। चंद्रभान के दो बच्चे हैं। 
जानकारी के अनुसार चंद्रभान की तैनाती कुपवाड़ा के मचैल सेक्टर में थी। सोमवार की रात मौत हिमस्खलन के रुप में आई। हिमस्खन और भारी बर्फबारी ने पिछले 48 घंटों में जमकर तबाही मचाई। इसी आफत का शिकार कुपवाड़ा में तैनात चंद्रभान भी हो गए। हिमस्खलन का शिकार होने की वजह से वह काल की गाल में समा गए। मंगलवार की सुबह सेना हेडक्वार्टर से चंद्रभान के घर फोन आया। फोन आते ही पूरे घर में कोहराम मच गया। दरवाजे पर काफी भीड़ जमा हो गई। परिजन का रो रोकर बुरा हाल है। बुधवार को जवान का पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाने की सूचना थी जिसके प्रसारित होने के बाद हजारों की संख्या में लोग दरवाजे पर जुटे थे। लेकिन पार्थिव शरीर दो दिनों तक नहीं आ सका। शुक्रवार को सम्मान के साथ जवान का शव गांव पहुंचा।

No comments:

Post a Comment