Wednesday, March 11, 2020

तेंदुए के शावक का क्षत विक्षत शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप

अजय शुक्ला, (NNI Coverage जनपद ब्यूरो) 
चित्रकूट, उ0प्र0। चित्रकूट जिले के रायपुरा जंगल रेंज में तेंदुए के शावक का क्षत-विक्षत शव मिला है। अधिकारियों ने मांसाहारी जानवरों द्वारा मारे जाने की आशंका जताते हुए कहा कि बच्चा दो-तीन सप्ताह का था। ग्रामीणों ने तेंदुए के बच्चे के कटे हुए सिर को बरामद किया और स्थानीय वन अधिकारियों को इसके बारे में सूचित किया। अधिकारियों ने आसपास के जगहों से शरीर का बाकी हिस्सा बरामद किया। बुंदेलखंड रेंज के वन विभाग के मुख्य संरक्षक पीपी सिंह ने बताया कि, हमने शरीर के सभी अंगों को बरामद कर लिया है और मामले की जांच कर रहे हैं। हमे ऐसा लगता है कि बच्चे को किसी मांसाहारी जानवर ने मारा है। उन्होंने बताया कि पिछले हफ्ते किसानों द्वारा अपने खेतों को जानवरों से बचाने के लिए लगाए गए बिजली के बाड़ के संपर्क में आने से एक तेंदुए की मौत हो गई थी। गांव के कुछ लोगों ने शव को दफनाने से पहले पैर को बाहर निकाल लिया था। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया था।

No comments:

Post a Comment