संदीप चौधरी (NNI Coverage जनपद ब्यूरो)
कुशीनगर (उप्र)। देश-दुनिया में कोरोना वायरस की दहशत के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि इससे डरें नहीं बल्कि सावधानी बरतें। मुख्यमंत्री ने कुशीनगर के अहिरौली बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला की छठी कड़ी के दौरान एक जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि इन दिनों दुनिया में कोरोना वायरस को लेकर हलचल है और इससे डरें नहीं, बल्कि सावधानी बरतें, क्योंकि बीमारी में उपचार से महत्वपूर्ण बचाव होता है।
योगी ने कहा कि हमारी सरकार ने कोरोना के संदिग्ध मरीजों के लिए हर जिले में एक पृथक वार्ड बनाया है, जहां उनके इलाज की पूरी व्यवस्था है।इस दौरान उन्होंने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी और कहा कि जिस समाज में जाति, मत, मजहब, लिंग अथवा किसी भी आधार पर भेदभाव होता है, वह आगे नहीं बढ़ सकता है। सामूहिकता का प्रयास ही हमारे सशक्तिकरण का आधार बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे शरीर का यदि एक भी अंग कमजोर हो जाता है, तो वह शरीर पूरा नहीं माना जाता। यदि समाज में कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार से कमजोर रह जाए, तो इससे समाज को क्षति होती है और इसकी कीमत समाज को चुकानी पड़ती है। इस बात को ध्यान में रखकर हमारी सरकार पोषण मिशन के कार्यक्रम में तेजी ला रही है।

No comments:
Post a Comment