Sunday, April 12, 2020

14 दिन साइकिल चलाकर तेलंगाना से घर पहुंचे तीन युवक

राशिद अली (NNI Coverage ग्राम्य संवाददाता)
बहराइच, उ0प्र0। पयागपुर विकास खंड के सेमरियावां गांव निवासी तीन युवक साइकिल से शुक्रवार को सुबह गांव पहुंचे। इसकी जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जांच के बाद तीनों युवकों को क्वारंटीन कर दिया है।पयागपुर विकास खंड के सेमरियावां गांव निवासी कुछ लोग तेलंगाना प्रदेश में नौकरी करते थे। वे सभी घर-घर बिस्किट बेचने का काम कर रहे थे। लेकिन देश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए केंद्र सरकार ने 24 मार्च से लॉकडाउन कर दिया है। ऐसे में दूसरे प्रदेश में काम करने वाले लोग घर पहुंचने के लिए हर जतन कर रहे हैं। सेमरियावां गांव निवासी तीन युवक 28 मार्च को साइकिल से पयागपुर के लिए रवाना हुए।
14 दिन साइकिल चलाने के बाद तीनों युवक शुक्रवार को गांव पहुंचे। इसकी सूचना ग्राम प्रधान अवधेश तिवारी व सचिव आशुतोष मिश्रा ने एसडीएम को दी। एसडीएम कीर्तिप्रकाश भारती ने स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक को जानकारी दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. एनबी जायसवाल ने बताया कि तीनों लोगोें का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके बाद तीनों युवकों को जूनियर विद्यालय के अलग-अलग कमरे में क्वारंटीन कर दिया गया।

No comments:

Post a Comment