Sunday, April 12, 2020

पुलिस पर हमला करने वाले सात निहंग सिख गिरफ्तार

श्रीमती आर लक्ष्मी (NNI Coverage प्रधान संपादक) 
नई दिल्ली/पंजाब, भारत। पंजाब में पटियाला (Patiala) की बड़ी सब्जी मंडी सनौर रोड पर पुलिस पर हमला करने वाले 7 निहंगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि निहंग वेषधारी इन लोगों ने पुलिस की टीम पर तलवार से हमला कर दिया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस ने अब सात निहंगों को गिरफ्तार किया है। पंजाब के स्पेशल चीफ सेक्रेटरी केबीएस सिद्धू के मुताबिक पुलिस पर हमलाकर भागे सात निहंग सिखों को बलबेड़ा में गुरुद्वारे से गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें से एक पुलिस फायरिंग में घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आईजी पटियाला जोन जतिंदर सिंह औलख के नेतृत्व में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। साथ ही 20 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि चार-पांच ‘निहंग’ वेषधारियों (परंपरागत हथियार रखने वाले और नीली लंबी कमीज पहनने वाले सिख) का एक समूह एक गाड़ी में यात्रा कर रहा था। इस दौरान मंडी बोर्ड के अधिकारियों ने सुबह करीब सवा छह बजे एक सब्जी बाजार के पास उन्हें रुकने के लिये कहा। इसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया है और इस दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ काट दिए जबकि दो पुलिसकर्मी बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। NNI के संवाददाता से बातचीत में पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा, 'उनसे (कर्फ्यू) पास दिखाने को कहा गया, लेकिन उन्होंने अपनी गाड़ी से दरवाजे और वहां लगाए गए अवरोधकों पर टक्कर मार दी।' एएसआई को राजेंद्र अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के लिये रेफर कर दिया गया।

No comments:

Post a Comment