Wednesday, April 29, 2020

बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का न रहना............ यकीन नहीं होता

शहबान शाह (NNI Coverage संवाददाता)
मुंबई/महाराष्ट्र। 28 अप्रैल की सुबह वे अपने घर के बाथरूम में गिर गए थे। इसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था।54 साल के इरफान को इससे पहले न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर हुआ था। इसका उन्होंने लंबे समय तक इलाज कराया। इरफान की हाल ही में ‘अंग्रेजी मीडियम’ फिल्म रिलीज हुई थी।दो साल पहले मार्च 2018 में इरफान को न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर बीमारी का पता चला था। उन्होंने खुद फैंस के साथ यह खबर साझा की थी। उन्होंने ट्वीट किया था, 'जिंदगी में अचानक कुछ ऐसा हो जाता है, जो आपको आगे लेकर जाता है। मेरी जिंदगी के पिछले कुछ दिन ऐसे ही रहे हैं। मुझे न्यूरो इंडोक्राइन ट्यूमर नामक बीमारी हुई है। लेकिन, मेरे आसपास मौजूद लोगों के प्यार और ताकत ने मुझमें उम्मीद जगाई है।' बीमारी का पता लगने के बाद इरफान खान इलाज कराने लंदन गए।वहां वे करीब एक साल रहे और फिर अप्रैल 2019 में भारत लौटे।
वापसी के बाद उन्होंने अपनी फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' की शूटिंग राजस्थान में शुरू की और फिर आगे के शेड्यूल के लिए लंदन चले गए। हालांकि लॉकडाउन के चलते यह फिल्म सिर्फ दो दिन ही सिनेमाघरों में चल पाई।
फिल्म के ट्रेलर रिलीज से पहले इरफान ने फैन्स के लिए यू-ट्यूब पर अपना इमोशनल मैसेज छोड़ा-"हैलो भाइयों-बहनों, नमस्कार। मैं इरफान। मैं आज आपके साथ हूं भी और नहीं भी। खैर, ये फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' मेरे लिए बहुत खास है। सच...यकीन मानिए, मेरी दिली ख्वाहिश थी कि इस फिल्म को उतने ही प्यार से प्रमोट करूं, जितने प्यार से हम लोगों ने बनाया है। लेकिन, मेरे शरीर के अंदर कुछ अनवॉन्टेड मेहमान बैठे हुए हैं। उनसे वार्तालाप चल रहा है। देखते हैं किस करवट ऊंट बैठता है। जैसा भी होगा आपको इत्तिला कर दी जाएगी।"
इरफान डॉक्टरों की राय लेने के लिए लंदन आते-जाते रहते हैं मगर पिछले डेढ़ महीने से जारी लॉक डाउन के चलते सभी इंटरनेशनल फ्लाइट्स रद रहीं। इसलिए वे मुंबई से बाहर नहीं जा पाए। यहां तक की अपनी अम्मी को भी तीन दिन पहले आखिरी बार नहीं देख पाए। वो भी खुदा के घर चली गईं।
इरफान ने 'मकबूल', 'लाइफ इन अ मेट्रो', 'द लंच बॉक्स', 'पीकू', 'तलवार' और 'हिंदी मीडियम' जैसी शानदार फिल्मों में काम किया है। उन्हें 'हासिल' (निगेटिव रोल), 'लाइफ इन अ मेट्रो' (बेस्ट एक्टर), 'पान सिंह तोमर' (बेस्ट एक्टर क्रिटिक) और 'हिंदी मीडियम' (बेस्ट एक्टर) के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। 'पान सिंह तोमर' के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड दिया गया।कला के क्षेत्र में उन्हें देश का चौथा सबसे बड़ा सम्मान पद्मश्री भी मिल चुका है।

No comments:

Post a Comment