अनूप मिश्रा (NNI Coverage तहसील संवाददाता)
पयागपुर, बहराइच (उ0प्र0)। जनपद बहराइच के विधानसभा पयागपुर के हज़ारों नागरिक जो देश के विभिन्न राज्यों दिल्ली, उत्तराखंड, तेलंगाना, बिहार, झारखंड, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक तथा महाराष्ट्र आदि में दिहाड़ी मजदूरी/उद्यम से जुडे हैं तथा जीविकोपर्जन करते हैं। कोविड-19 महामारी के चलते इस राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के कारण अनेकों ऐसे नागरिक दैनिक आमदनी से वंचित हो गए हैं तथा नियमित भोजन आदि की अनुपलब्धता की समस्या से ग्रसित हैं। ऐसे हजारों लोगों के लिए विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी ने एक नई पहल Google फॉर्म QR कोड की तकनीक का उपयोग करते हुए विभिन्न राज्यों में रह रहे पयागपुर विधानसभा के तेरह हजार तीन सौ सात नागरिकों को चिन्हित करते हुए, उनकी पहली सूची संबंधित राज्यों के कोविड प्रभारियों को पत्र प्रेषित कर उक्त नागरिको के नियमित भोजन, रहन-सहन इत्यादि की यथासम्भव व्यवस्था हेतु आग्रह किया है। यह जानकारी देते हुए विधानसभा संयोजक निशंक त्रिपाठी ने बताया कि इसके अतिरिक्त इन राज्यों से वापस लाए जाने वाले व्यक्तियों की सूची में विधानसभा पयागपुर के नागरिको को प्रमुखता से सम्मिलित करने हेतु शासन से आग्रह किया गया है। उन्होंने बताया कि Google फॉर्म QR कोड के माध्यम से निरंतर लोगों की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। प्राप्त सूचनाओं के क्रम में अतिशीघ्र पुनःअगली सूची द्वारा कोविड प्रभारियों को अवगत कराया जाएगा।

No comments:
Post a Comment