अखिलेश श्रीवास्तव (NNI Coverage जिलाब्यूरो)
बहराइच, उ0प्र0। शहर में बढ़ते कोरोना मामलों को लेकर 24 से 28 अगस्त का प्रशासन द्वारा प्रस्तावित लाकडाउन रविवार देर रात जिला प्रशासन ने निरस्त कर दिया है। उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष कुलभूषण अरोरा व महामंत्री दीपक सोनी "दाऊजी" ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि रविवार देर रात जिला प्रशासन के बुलावे पर उद्योग व्यापार मंडल की कोर कमेटी के साथ प्रशासन व पुलिस अधिकारियों के साथ पी.डब्ल्यू.डी. डाक बंगले में बैठक हुई। बैठक में जिला प्रशासन की ओर से सीआरओ प्रदीप कुमार, ईओ नगर पालिका पवन कुमार व नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी त्रियंबक नाथ दूबे व एल.आई.यू. इंस्पेक्टर सुमित दूबे मौजूद रहे। उद्योग व्यापार मंडल की कोर कमेटी के सदस्य अध्यक्ष कुलभूषण अरोरा, महामंत्री दीपक सोनी दाऊजी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजमोहन मातनहेलिया व उपाध्यक्ष मनीष मल्होत्रा ने बैठक में भाग लिया। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक में जिला प्रशासन की ओर से मुख्य राजस्व अधिकारी प्रदीप कुमार ने भारत सरकार के गृह सचिव अजय भल्ला द्वारा सभी राज्यों के मुख्य सचिवों व जिलाधिकारियों को 22 अगस्त को भेजे गए एक डीओ लेटर की जानकारी दी। केन्द्र सरकार के पत्र में कहा गया है कि जिला स्तरीय प्रतिबंधों से इन्टरस्टेट व इन्ट्रास्टेट पब्लिक ट्रांसपोर्ट व मालवाहक ट्रांसपोर्ट सेवाओं, व्यवसायिक गतिविधियों व रोजगार पर विपरीत प्रभाव पड़ने की संभावना है।
उद्योग व्यापार मंडल नेताओं ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वाराणसी के एक व्यापारी नेता के साथ हुयी बातचीत की वाइरल आडियो क्लिप का हवाला देते हुए बताया कि सूबे के मुख्यमंत्री की मंशा सिर्फ शनिवार व रविवार की बंदी को प्रभावी रखने की प्रतीत हो रही है। 22 अगस्त के उक्त पत्र के आधार पर जिला प्रशासन ने 21 अगस्त को उद्योग व्यापार मंडल की सहमति से प्रशासन द्वारा प्रस्तावित लाकडाउन को समाप्त करने के फैसला लिया है। जिला प्रशासन ने उद्योग व्यापार मंडल को 23 अगस्त की देर रात भेजे ई-लेटर में बताया है कि लॉकडाउन निष्प्रभावी करने के पीछे एक कारण यह भी है कि शहर के ज्यादातर इलाके कंटेनमेंट जोन होने के कारण जनमानस को पहले ही काफी असुविधा हो रही है। लाकडाउन से जनता की परेशानी में और इजाफा हो सकता है। उद्योग व्यापार मंडल को लिखे ई-लेटर के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा जनमानस से अपील की गई है कि वह मास्क, सेनेटाइजर व सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्णतः पालन कर कोविड नियंत्रण में सहयोग दें। मालूम हो कि प्रभारी जिलाधिकारी कविता बुजेटा की पहल पर बीती 21 तारीख को उद्योग व्यापार मंडल की ट्रेड समितियों की बैठक में बनी आम राय के बाद जिला प्रशासन ने शनिवार व रविवार की बंदी के साथ सप्ताह के पांच दिन (24 से 28 अगस्त तक) का लाकडाउन प्रस्तावित किया था। नगर मजिस्ट्रेट की ओर से शुक्रवार से शहर में लाकडाउन की मुनादी कराई जा रही थी जो कि रविवार तक जारी थी। 22 अगस्त का उक्त पत्र मिलने के बाद प्रशासन ने लाकडाउन के फैसले में बदलाव किया है।

No comments:
Post a Comment