डी०पी०श्रीवास्तव"अंकुर" (NNI Coverage संपादक)
बहराइच/नानपारा, उ0प्र0। जिले के तराई क्षेत्र ग्राम बोधवा के रहने वाले होनहार बलराम दास ने राजकीय इंटर कॉलेज लखैइहा कलां में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
बताते चलें कि शिक्षक बलराम दास का जीवन काफी संघर्षपूर्ण रहा है लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी और परिणामस्वरूप उन्हें एल टी जी आई सी 2018 में सहायक अध्यापक के पद पर चयनित किया गया उन्होंने सोमवार को लखैइहा कलां में कार्यभार ग्रहण कर लिया है, इससे उनके परिवार व मित्रों में काफी हर्ष देखने को मिला। बातचीत के दौरान श्री दास ने बताया कि उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा सरकारी स्कूल से प्राप्त की और उसके बाद आठवीं तक पढ़ने के लिए काफी दूर पैदल चलकर जाया करते थे। घर मे संसाधनों का अभाव था, कक्षा नौ में पहुंचते ही उनके कृषक पिता सिपाही लाल का देहावसान हो गया जिससे परिवार की सारी जिम्मेदारी उन्हीं के सिर पर आन पड़ी। ऐसे में उन्होंने प्रतिभावान होने के कारण होम ट्यूशन को अपनी आय का जरिया बनाया जिससे गृहस्थी चल सके। अध्यापक शब्बीर अहमद खां की प्रेरणा से श्री दास ने अंग्रेजी विषय के गहन अध्ययन पर बल दिया। राहत जनता इंटर कॉलेज नानपारा से इंटरमीडिएट और किसान पीजी कॉलेज बहराइच से स्नातक की पढ़ाई की। उसके बाद मित्र बी0 के0 राव के सहयोग से लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज गोंडा से अंग्रेजी विषय में परास्नातक उत्तीर्ण किया। विवाहोपरांत रोजी रोटी की तलाश में बाराबंकी पहुंचकर निजी विद्यालय और संस्कार कोचिंग में पढ़ाया, इग्नू से बीएड किया और शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी सेवा हेतु तैयारी करने लगे। करीब 7 साल के अथक परिश्रम से विभिन्न समाजसेवियों व साहित्यकारों के जीवन व रचनाओं से प्रेरणा लेते हुये श्री दास ने अपने लक्ष्य पर निशाना साधा और प्रतिदिन नई शब्दावलियों के संकलन से सुदृढ़ ज्ञान अर्जित कर एक साथ एल टी ग्रेड, प्रशिक्षित स्नातक व माध्यमिक सेवा चयन बोर्ड द्वारा अंग्रेजी विषय के प्रवक्ता पद पर चयनित होने की सफलता अर्जित की। अंततः बलराम दास को बहराइच के लखैइहा कलां स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्ति मिली है। शिक्षा को अपने जीवन का उद्देश्य मान चुके श्री दास का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को वह सदैव हर संभव मदद करने के लिए तत्पर रहेंगे।

I will be highly obliged to you Sir l for highlighting the reality of my life . Thanks for this
ReplyDelete