पीयूष पोरवाल (NNI Coverage राजधानी ब्यूरो)
लखनऊ, उ0प्र0। मोहनलालगंज में मंगलवार सुबह दाउदनगर से क्षेत्र पंचायत सदस्य 35 वर्षीय विजय प्रताप रावत को उसके साझेदार मनोज यादव ने एसयूवी से कुचलकर मार डाला। वारदात के बाद भागने के दौरान मनोज की एसयूवी खंभे से टकराकर पलट गई। इसमें घायल मनोज को पीछे से आए उसके साथ लल्लू यादव कार से बाहर निकालकर ले भागा। उसे उपचार के लिए अवध अस्पताल में भर्ती करा दिया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मनोज के हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। विजय की पत्नी रेखा की तरफ से मनोज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
डीसीपी दक्षिणी रईस अख्तर ने बताया कि मनोज व विजय पूरनपुर गांव के रहने वाले थे। मनोज सपा के अधिवक्ता संघ का जिला उपाध्यक्ष है और वह विजय के साथ साझेदारी में जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करता था। मगर 3-4 महीने से एक जमीन के सौदे में मिली रकम के लेन-देन को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। इसके अलावा मनोज के विजय के परिवार की एक महिला से भी संबंध थे, इससे दोनों के संबंध तनावपूर्ण हो गए थे। इसी रंजिश में मनोज ने विजय को रास्ते से हटाने की साजिश रची। मंगलवार सुबह करीब छह बजे विजय टहलने निकला था, तभी गांव से 200 मीटर आगे मनोज ने उसे अपनी एसयूवी से जोरदार टक्कर मार दी। विजय हवा में उछला और सड़क पर जा गिरा। मनोज उसे एसयूवी से कुचलता हुआ भाग निकला। हालांकि कुछ दूरी पर कार अनियंत्रित हो गई और एक खंभे से टकराकर पलट गई।

No comments:
Post a Comment