Friday, July 23, 2021

तहसीलदार नानपारा के खिलाफ अधिवक्ता संघ ने खोला मोर्चा

डी०पी०श्रीवास्तव (NNI Coverage ब्यूरो) 

बहराइच/नानपारा, उ0प्र0। विगत करीब दो सप्ताह से तहसीलदार नानपारा के न्यायालय पर व्याप्त अनियमितता व भ्रष्टाचार को लेकर सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को अधिवक्ता संघ नानपारा की एक बैठक जवाहर लाल वर्मा एडवोकेट की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिसमें सभी अधिवक्ता तहसीलदार नानपारा के खिलाफ पुनः एकजुट हुए। 

आपको बता दें कि तहसीलदार नानपारा अमर चंद्र वर्मा की कार्यशैली पर करीब 8 माह से सवालिया निशान उठ रहे हैं। वादकारियों की पत्रावलियों को अपने न्यायालय पर धन उगाही की नीयत से लंबित रखने के कारण अधिवक्ता संघ लामबंद हुये हैं। बीते दो सप्ताह से अधिवक्ताओं ने तहसीलदार नानपारा के स्थानांतरण होने तक उनके न्यायालय का बहिष्कार किया था और जिलाधिकारी बहराइच व अध्यक्ष राजस्व परिषद उत्तरप्रदेश को शिकायती पत्र भी भेजा गया था जिस पर कार्यवाही न होने के कारण पुनः अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर तहसीलदार के खिलाफ सख्त रवैया अपनाते हुए माह के प्रत्येक शनिवार को तहसील स्थित समस्त न्यायालयों का कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। महासचिव निर्मल श्रीवास्तव ने बताया कि संघ के सम्मानित सदस्यों ने मिलकर तहसीलदार नानपारा अपने पद की गरिमा को भूलकर तानाशाही रवैया से कार्य कर रहे थे जिससे वादकारियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है जिसकी वजह से उनके खिलाफ आंदोलनरत रहने का बेड़ा उठाया गया है ऐसी दशा में उन्हें शीघ्र अपना स्थानांतरण अन्यत्र करा लेना चाहिए। बैठक में संयुक्त मंत्री ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव, वरिष्ठ अधिवक्ता चिंता राम तिवारी, चतुर्भुज सहाय, अशोक मिश्रा, जुबैर अंसारी, जगदंबा प्रसाद श्रीवास्तव, वेद प्रकाश त्रिपाठी, रूप नारायण जायसवाल, मुमताज खां, आर पी एन श्रीवास्तव, जैगम हुसैन, सुनील सिंह, विनीत श्रीवास्तव, सन्दीप मिश्रा, रमेश पाठक, संतोष गुप्ता, सूर्यबख्श सिंह, रमेश श्रीवास्तव सहित तमाम अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment