Saturday, July 31, 2021

अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर तहसीलदार नानपारा को हटाने की रखी मांग

सरफराज सिद्दीकी (NNI Coverage संवाददाता)

नानपारा, बहराइच। अधिवक्ता संघ नानपारा के सदस्यों ने बैठक कर तहसील परिसर में तहसीलदार नानपारा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तहसील गेट पर भ्रष्टाचार खत्म करने व तहसीलदार नानपारा के स्थानांतरण की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। 

अवगत कराते चलें कि बीते दिनों हुई अधिवक्ता संघ नानपारा की बैठक में तहसीलदार नानपारा अमर चंद्र वर्मा की कार्यशैली से रूष्ट अधिवक्ताओं ने उनके न्यायालय पर व्याप्त अनियमितता व भ्रष्टाचार के चलते उनके स्थानांतरण तक कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया और माह के प्रत्येक शनिवार को तहसील स्थित समस्त न्यायालयों पर न्यायिक कार्य से विरत रहना तय किया था। उसी क्रम में संघ के अध्यक्ष जवाहर लाल वर्मा की अगुवाई में पुनः एक समीक्षा बैठक करते हुए अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर तहसीलदार अमर चंद वर्मा के स्थानांतरण की मांग को लेकर उनके न्यायालय के सम्मुख नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उसके बाद सभी अधिवक्ताओं ने तहसील गेट पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और तहसीलदार नानपारा के स्थानांतरण की मांग रखी। इस दौरान तहसीलदार तुम्हारी तानाशाही नहीं चलेगी, तहसीलदार शर्म करो शर्म करो, भ्रष्टाचार खत्म करो, अधिवक्ता संघ जिंदाबाद जैसे कई नारे भी लगाए गए। 

संघ के अध्यक्ष जवाहर लाल वर्मा एडवोकेट ने कहा कि तहसीलदार नानपारा अमर चंद वर्मा की अविधिक कार्यप्रणाली से नाराज अधिवक्ताबन्धु उनके स्थानांतरण होने तक न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे, उनके न्यायालय पर कोई कार्य नहीं किया जाएगा। पूर्व निर्णय के मुताबिक प्रत्येक शनिवार को समस्त न्यायालयों पर भी न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय सदन द्वारा लिया गया है। महासचिव निर्मल कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि तहसीलदार नानपारा की लचर कार्यप्रणाली से क्षुब्ध वरिष्ठ अधिवक्ता चिंताराम तिवारी द्वारा उठाई गई आवाज पर सभी अधिवक्ता साथी लामबंद हुए हैं। तहसीलदार नानपारा अमर चन्द्र वर्मा वादकारियों की पत्रावलियां धनउगाही के मकसद से लंबित रखते हैं जिससे अधिवक्ता एवं वादकारी सभी परेशान हैं जब तक इनका स्थानांतरण नहीं हो जाएगा सभी आंदोलनरत रहेंगे। संघ की आवाज को बुलंद करते हुये संयुक्त मंत्री ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि वर्तमान तहसीलदार नानपारा अधिवक्ताओं के सम्मान के विरूद्ध कार्य करते हैं। उनके न्यायालय पर वादकारियों के मामले बिन पैसे लिए नही सुलझते हैं, कई पत्रावलियां अनावश्यक धनउगाही के बावजूद लंबित हैं। यहां तक कि विविध प्रार्थना पत्र वह सीधे तौर पर स्वीकार न करके मालबाबू के पास अनावश्यक कारणों से लंबित करने के मकसद से भेज देते हैं जिससे पीड़ितों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, उच्चाधिकारियों द्वारा इस मामले को संज्ञान में लेकर तहसीलदार नानपारा का स्थानांतरण शीघ्र नानपारा से कहीं अन्यत्र कर देना चाहिए तभी नानपारा के अधिवक्ता संतुष्ट होंगे। शनिवार को तहसीलदार नानपारा के खिलाफ हुए प्रदर्शन में वरिष्ठ अधिवक्ता जगदंबा प्रसाद श्रीवास्तव, चिंताराम तिवारी, नंदलाल जायसवाल, चंद्रेश सिंह, वेद प्रकाश त्रिपाठी, जुबैर अंसारी, मुबीन मुस्तफा, लालजी श्रीवास्तव, कमलेश वर्मा, रामदल वर्मा, सन्दीप मिश्रा, रमेश पाठक, अमरनाथ वर्मा, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, दिलीप श्रीवास्तव, नफीस खां, संतोष गुप्ता, सुरज लाल मौर्य सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment