Thursday, November 11, 2021

विधिक जागरूकता व टेली लॉ शिविर में कानूनी जानकारी

अय्यूब अंसारी (NNI Coverage संवाददाता)

बलहा/नानपारा, बहराइच। आजादी के अमृत महोत्सव पर विधिक सेवा प्राधिकरण बहराइच की ओर से राजाबाजार नानपारा में राजाफाटक पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पैनल लॉयर ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव एडवोकेट ने कानून की तमाम जानकारियां दीं। शिविर का आयोजन साबिर जुबैर खां ने किया। शिविर में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए श्री ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि महिलाओं, बच्चों, गरीबों, निःशक्तों व कमजोर वर्ग के व्यक्तियों को विधिक सहायता प्राप्त करने के अधिकार है लेकिन जानकारी के अभाव में पीड़ितों को इधर उधर भटकना पड़ता है। संविधान द्वारा व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार दिया गया है, ऐसे में पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के वक्त गिरफ्तारी का कारण बताया जाना अनिवार्य है, नियत समय से अधिक पुलिस किसी व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाने पर नहीं बैठा सकती। मजदूरी, सड़क, निकास, बंटवारे आदि से संबंधित न्यायालय में लंबित मुकदमों में पैरवी हेतु सरकारी खर्च पर अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाते हैं। 


इसी क्रम में नानपारा के इमामगंज रोड स्थित अमीर हसन डिग्री कॉलेज में टेली लॉ के तहत सरफराज अहमद सिद्दीकी की ओर से विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद छात्र छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस की बधाई देते हुए पैनल लॉयर ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सरकार की मंशानुरूप न्यायविभाग जरूरतमंदों को बिन खर्च वहन किये कानूनी मदद उपलब्ध करा रहा है। जिसमें गरीब, महिलाएं, असहाय वृद्ध, नाबालिग लड़के लड़कियां, कारागार में निरुद्ध व्यक्तियों, अनुसूचित जनजाति के लोगों तथा दिव्यांग जन को विधिक सेवा दी जाएगी। परित्यक्त महिलाओं, असहाय वृद्ध माता पिता व नाबालिगों को उनके परिजनों को भरण पोषण के कानूनी अधिकार हैं। स्वास्थ्य, आवास, शौचालय, मनरेगा योजनाओं आदि के बारे में विधिवत जानकारी के लिए विभागीय अधिकारियों से जनसूचना मांगी जा सकती है। आवश्यक कानूनी मदद के लिये नजदीकी पैनल लॉयर से वीडियो कांफ्रेंसिंग व ऑडियो कॉल के माध्यम से भी कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा जरूरतमंद लोग तहसील स्तर पर विधिक सेवा केंद्र पहुंचकर साधारण आवेदन करके विधिक सहायता ले सकते हैं। विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन मसूद असगर, अतीक फारूकी व इमरान द्वारा कराया गया।



No comments:

Post a Comment