Sunday, January 23, 2022

ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करती पकड़ी गई परीक्षार्थी, मामला दबा

अरूण कुमार राव (NNI Coverage राज्यब्यूरो) उत्तरप्रदेश की योगी सरकार में कितने भी वादे नकलविहीन परीक्षा कराने के कर लिए जाएं मगर छोटी छोटी जगहों पर बड़ी बड़ी घटनाएं हो ही जाती हैं। 

जी हां, आपको बता दें कि रविवार को प्रातः 10 बजे से टीईटी परीक्षा राज्य भर में आयोजित की गई। इसी क्रम में बहराइच जनपद के नानपारा स्थित राहत जनता इंटर कॉलेज से पहली पाली में परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकलते परीक्षार्थियों में आपसी बातचीत से परीक्षा के दौरान हुई गड़बड़ी की जानकारी मिली। परीक्षार्थियों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर एजेंसी के स्थानीय संवादसूत्र से बताया कि कक्ष संख्या 3 में परीक्षा शुरू होते ही एक महिला परीक्षार्थी के कान में लगे ब्लूटूथ डिवाइस की जानकारी अन्य परीक्षार्थियों को होने पर कक्ष निरीक्षक से शिकायत की, जिस पर पकड़ी गई महिला परीक्षार्थी ने हंगामा खड़ा कर दिया, लेकिन कुछ ही देर में मामले को रफा दफा कर दिया गया। उसी कक्ष के कई एवं अन्य परीक्षार्थियों ने सन्देह जताया कि सम्भवतः वह किसी नोडल अधिकारी की करीबी हो सकती है जिसने मामला उठने पर ओएमआर शीट यानी उत्तरपुस्तिका को सादा ही जमा कर दिया ताकि उसे बाद में भरा जा सके। परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य डॉ० दीनबंधु शुक्ला से फोन पर उक्त संबंध में जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने मामले के बारे में कोई जानकारी न होना बताया और घटना से सीधे इनकार करते हुए कहा कि वे स्वयं लाइव वीडियोग्राफी देख रहे थे ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। वहीं दूसरी ओर तमाम आक्रोशित परीक्षार्थियों की ओर से स्वयं ऐसी बातें करने का मलतब साफ है कि कहीं न कहीं कोई कमी जरूर रह गई है जिसकी वजह से ये मामला धीरे धीरे तूल पकड़ सकता है क्योंकि पूर्व में प्रश्नपत्र आउट होने के चलते अभ्यर्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।

No comments:

Post a Comment