ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव (NNI Coverage ब्यूरो/प्रतिनिधि)
नानपारा, बहराइच (उ0प्र0)। क्षेत्र के बोधवा गांव निवासी बलराम दास ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज के अंतर्गत अंग्रेजी प्रवक्ता के पद पर चयनित होने में सफलता अर्जित की है वर्तमान में बलराम दास राजकीय इंटर कॉलेज लखैया कला नानपारा में अंग्रेजी विषय के सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। जीआईसी में दो बार चयनित बलराम दास अब शिक्षा जगत में अच्छी नौकरी का सपना संजो रहे अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बन रहे हैं।
बचपन से ही मेधावी बलराम की प्रारंभिक शिक्षा बोधवा गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय से हुई। उसके बाद हाईस्कूल में अध्ययन के दौरान बलराम के पिता का आकस्मिक निधन हो जाने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति काफी दयनीय हो गई और जटिलतम समस्याओं का सामना करना पड़ा। उस समय उन्होंने अपनी पढ़ाई की फीस निकालने के लिए छोटे बच्चों को ट्यूशन देना शुरू किया। धीरे धीरे उन्होंने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर अच्छे अंकों में स्नातक व अंग्रेजी विषय से परास्नातक की परीक्षा किसान महाविद्यालय बहराइच से उत्तीर्ण की। इस दौरान वह निजी विद्यालयों में शिक्षण कार्य करते थे। उसके बाद अपने परिवार संग वह बाराबंकी जाकर रहे, वहीं कड़ी मशक्कत के बलबूते बीएड किया और नौकरी के इच्छुक होने के नाते प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रयासरत रहे।
अंत मे बलराम वर्ष 2020 में जीआईसी में सहायक अध्यापक पद प्राप्त करने में कामयाब हुए। अब वर्ष 2022 में बलराम दास का चयन उत्तरप्रदेश लोक सेवा आयोग के अंतर्गत अंग्रेजी प्रवक्ता पद पर भी हो गया है इससे उनके परिजनों और मित्रों में हर्ष देखने को मिल रहा है। बलराम अपनी सफलता का श्रेय अपने पूर्व के शिक्षकों और अपने परिजनों व सही मार्गदर्शन करने वाले मित्रों को देते हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि परिश्रम से न थकने का परिणाम ही है जो उन्हें सफलता की उच्चतर सीढ़ी मिल पाई है, भविष्य में वह गरीब बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए भी प्रयासरत रहेंगे।

No comments:
Post a Comment