Thursday, April 6, 2023

आदर्श बार एसोसिएशन मिहीपुरवा में जवाहरलाल अध्यक्ष व रामप्रकाश महामंत्री बने

अय्यूब अंसारी (NNI Coverage संवाददाता)   

मिहींपुरवा/नानपारा, बहराइच। जनपद की नवसृजित तहसील आदर्श बार एसोसिएशन मिहींपुरवा में अधिवक्ता संघ के चुनाव सकुशल संपन्न हो गए। जवाहर लाल वर्मा अध्यक्ष व रामप्रकाश मौर्या महामंत्री चुने गए जबकि विनोद वर्मा कोषाध्यक्ष बने। 

बता दें कि जनपद की नवसृजित तहसील मिहीपुरवा का अधिवक्ता संघ जल्द ही बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश से संबद्ध हुआ है जिसके चुनाव प्रथम बार होने पर अधिवक्ता मतदाताओं में काफी उत्साह दिखाई दिया। अध्यक्ष पद महासचिव और कोषाध्यक्ष पद पर हुए चुनाव में कुल 66 अधिवक्ता मतदाताओं ने अपने मताधिकार के प्रयोग किए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी गणेश सिंह एडवोकेट ने बताया कि शत प्रतिशत व निष्पक्ष मतदान में अध्यक्ष पद पर जवाहर लाल वर्मा 42 मत पाकर विजयी हुए जबकि शम्भू नाथ 18 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहे, वहीं मदन लाल वर्मा को केवल 5 मतों से संतोष करना पड़ा, एक मत अवैध रहा। सहायक निर्वाचन अधिकारी संजय श्रीवास्तव एडवोकेट ने जानकारी देते हुए बताया कि महामंत्री पद के लिए दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे जिसमें से रामप्रकाश मौर्या ने 35 मत पाकर जीत हासिल की जबकि सुरेंद्र कुमार निषाद को 31 मत प्राप्त हुए। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर विनोद वर्मा और पंकज मौर्या को बराबर बराबर 33 मत मिले, बाद में वरिष्ठ समिति के पदाधिकारियों ने टॉस कराया जिसमें विनोद वर्मा को विजयी घोषित किया गया। 

इसके अलावा शेष सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए जिसमें ओम प्रकाश यादव उपाध्यक्ष, नफीस खान ऑडिटर, संदीप कुमार मौर्य पुस्तकालयाध्यक्ष बने। वरिष्ठ सदस्यों में राजेश कुमार, विनोद कुमार पाल, संदीप कुमार जायसवाल तथा कनिष्ठ सदस्य पद पर राम कुमार वर्मा, वीरेंद्र कुमार पाल व भाई लाल निर्विरोध रहे। निर्वाचन कार्यकारिणी से सुनील कुमार पाण्डेय, उमेश सिंह व राजेन्द्र प्रसाद वर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को जीत की बधाई दी।

No comments:

Post a Comment