Friday, April 7, 2023

नगरपालिका की लापरवाही से नाले में डूबकर बच्चे की मौत

अय्यूब अंसारी (NNI Coverage संवाददाता)

नानपारा, बहराइच। खुद को आदर्श बताने वाले नगर पालिका परिषद नानपारा प्रशासन की लापरवाही के चलते मिरयासी मोहल्ले में शुक्रवार शाम गहरे नाले में डूबने से एक बालक की मौत हो गई, खबर फैलते ही बच्चे को देखने के लिए लोगों का तांता लग गया। 

नगर के मिथिलेश नंदिनी रेशमा आरिफ डिग्री कालेज के निकट मिरयासी मोहल्ला निवासी अलाउद्दीन खान का करीब दो वर्षीय बेटा शाम पांच बजे के आस पास खेलते हुए नजदीक के खुले नाले में जा गिरा, जब तक परिजनों को पता चलता तब तक नाले में डूब जाने से उसकी मौत हो गई थी। मृतक बालक के परिजन शहाबुद्दीन ने बताया कि शुक्रवार को जब वे लोग अपने अपने काम पर गए हुए थे और शाम को रोज़ा अफ्तारी से ठीक पहले जब घर की महिलाएं घर के काम में व्यस्त थीं तभी उनका दो वर्षीय भतीजा खेलते खेलते घर से बाहर सामने के खुले गहरे नाले में जा गिरा, कुछ देर बाद बच्चे की तलाश शुरू हुई जहां नाले में बच्चे का शव मिलते ही कोहराम मच गया। 

बताते चलें कि कुछ दिन पहले भी उसी नाले में एक और बालक गिरकर डूब रहा था जहां पास से गुजर रहे राहगीर ने उसे बचाया था। कई बार गोवंश भी गिर चुके हैं लेकिन शिकायत के बावजूद नगरपालिका प्रशासन के कानों में जूं तक नहीं रेंगी, नाले पर पत्थर नहीं डाला गया और आज यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका नानपारा केवल बोर्ड और कागजों तक ही आदर्श है लेकिन हकीकत यह है कि प्रशासन की लापरवाही से आज बच्चे की जान चली गई। देर शाम तक मृत बच्चे को देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा और इस दौरान लोग पालिका प्रशासन को कोसते नजर आए।

No comments:

Post a Comment