Saturday, June 10, 2023

आगामी 17 जून तक जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि शिविर संचालित

डी०पी०श्रीवास्तव (NNI Coverage ब्यूरो/प्रतिनिधि) 

बहराइच, उत्तरप्रदेश। जनपद में योजनान्तर्गत किसानों को शत-प्रतिशत योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से वृहद ग्राम पंचायत स्तरीय संतृप्तीकरण अभियान के अन्तर्गत ग्राम पंचायत ककरहाबोधवा तहसील नानपारा का औचक सत्यापन विधायक राम निवास वर्मा ने किया। उन्होंने कैम्प में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने के सम्बन्ध में उपस्थित कृषकों से संवाद स्थापित किया। श्री राम निवास वर्मा ने सरकार द्वारा आयोजित कराये जा रहे कैम्प / शिविर आयोजन की सराहना की तथा उपस्थित सभी किसानों से कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार एवं राज्य की योगी सरकार किसानों के हित में अच्छा कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा प्रत्येक कृषक परिवार को सम्मान निधि के रूप में वर्ष में 6000/- की धनराशि सीधे बैंक खाते में 04-04 महीने पर 2000/- की किश्त के रुप में भेजी जा रही है। सरकार की योजनाओं को कृषकों के द्वार तक पहुंचाना शासन प्रशासन एवं हम सबका दायित्व है। उन्होंने कैम्प में ही 08 कृषकों का बैंक खाता खुलवाया, 12 कृषकों का ई-केवाईसी एवं 03 कृषकों का लैण्ड सीडिंग पीएम किसान पोर्टल पर मौके पर ही कृषि, राजस्व लेखपाल, सेक्रेटरी, पोस्ट आफिस सहायक एवं जनसेवा केन्द्र के कार्मिक के माध्यम से कराया। उन्होंने उपस्थित किसानों से कहा कि कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा प्रमाणित बीजों का उपयोग कर अधिक उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय दोगुनी करें। इस अवसर पर मा० विधायक नानपारा राम निवास वर्मा ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजनान्तर्गत 10 कृषकों को संकर धान बीज का वितरण किया गया।

उप निदेशक कृषि श्री टी०पी० शाही ने उपस्थित कृषकों को अवगत कराया कि ग्रामपंच ककरहाबोधवा में 614 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत सहायता धनराशि प्रेषित की जा रही है। इस ग्राम पंचायत में कुल 80 कृषकों जिसमें वरासत, ई-केवाईसी, लैण्ड सीडिंग आदि के कारण धनराशि नहीं मिल पा रही थी, जिसे शिविर लगाकर अपडेट किया जा रहा है। 80 कृषकों में से 21 कृषकों की ई-केवाईसी नहीं हुई थी, जिसे आज कैम्प के माध्यम से करा दिया गया है। ग्राम पंचायत में 03 किसानों की भूमि पीएम- किसान पोर्टल पर अपलोड नहीं थी, जिसे अपलोड कर दिया गया है। कतिपय कृषकों का बैंक खाता किन्हीं कारणों से सक्रिय नहीं था जिसे पोस्ट पेमेन्ट बैंक में नया खाता खुलवाकर सही कराया गया। श्री शाही ने जनपद के सभी किसानों से अनुरोध किया है कि वे अपना ई-केवाईसी कॉमन सर्विस सेन्टर पर जाकर अथवा कृषि विभाग के अपने न्यायपंचायत के कर्मचारी को अवगत कराकर ई-केवाईसी करा लें, जिससे आने वाली 14वीं किश्त आसानी के साथ खाते में आ जाये। सरकार द्वारा जनपद के सभी पात्र किसानों को किसान सम्मान निधि से प्रत्येक दशा में संतृप्त करने का अभियान प्रारम्भ किया गया है। श्री शाही ने सभी किसानों से अपेक्षा की है कि वे जनपद के राजकीय कृषि बीज भण्डारों पर उपस्थित होकर संकर (हाईब्रिड ) धान बीज, सामान्य धान, ढैचा, जिप्सम आदि कृषि निवेश 50 प्रतिशत अनुदान पर क्रय कर लाभान्वित हों।

          कृषि विज्ञान केन्द्र नानपारा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा० के०एम० सिंह ने आगामी खरीफ में धान की उन्नतशील खेती के सम्बन्ध में तकनीकी जानकारी के साथ-साथ श्री अन्न (मिलेट्स) के उत्पादन, उत्पादकता एवं उपयोग के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा उपस्थित किसानों को श्री अन्न (मिलेट्स) यथा- कोदो, सावां, ज्वार, बाजरा, कुटकी, रागी, चेना आदि की बुवाई के लिये कृषकों को प्रेरित किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ककरहाबोधवा गुड्डू वर्मा, राम प्रकाश मौर्या वरिष्ठ प्राविधिक ग्रुप-ए. प्रभारी राजकीय कृषि बीज भण्डार नानपारा अमर सिंह, ए०टी०एम० जितेन्द्र गौतम, राजस्व लेखपाल अशोक मौर्या आदि सहित सैकड़ों कृषक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment