डॉ ० सै० अब्दुल खबीर (NNI Coverage संवाददाता)
नानपारा, बहराइच। जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को आयोजित होने वाले थाना समाधान दिवस का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मोनिका रानी व पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा ने थाना कोतवाली नानपारा का निरीक्षण कर मौजूद फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई किया। यहां पर डीएम व एसपी ने समाधान दिवस पंजिका का अवलोकन करते हुए पूर्व में निस्तारित वादों की गुणवत्ता के सम्बन्ध में फीड बैक प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान नानपारा कोतवाल हेमन्त कुमार गौड़ ने बताया कि 08 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। जिसमें से ग्राम लखैय्या में पुलिस से सम्बन्धित 01 प्रकरण का मौके पर जाकर निस्तारण कराया गया है। जबकि भूमि विवाद से सम्बन्धित एक प्रकरण में ग्राम भोपतपुर बेलवा में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर भेजी गई है।

No comments:
Post a Comment