Wednesday, May 8, 2024

चुनावी जनसभा में योगी ने अलापा विकसित भारत का राग, श्रोता रहे त्रस्त

डी०पी०श्रीवास्तव/अय्यूब अंसारी (NNI Coverage समाचार सेवा) 

नानपारा/बहराइच, उ०प्र०। उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को नानपारा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान वो सपा-कांग्रेस पर जमकर बरसे। अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकाप्टर से दो बजकर बीस मिनट पर नानपारा स्थित सआदत इंटर कालेज के मैदान पंहुचे। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करने से पहले पार्टी के जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय समेत सभी विधायकों व पदाधिकारियों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी सपा, कांग्रेस व बसपा पर हमलावर हो उठे। उन्होंने कहा कि सपा ने युवाओं के हाथों में तमंचा पकड़ाया था। हमने युवाओं को टैबलेट थमाया है। पहले बम चलते थे, लेकिन अब हर-हर बम-बम के साथ बेखौफ होकर कांवरिया चल रहे हैं। 2014 से पहले भारत एक बदहाल भारत था। आज देश की जनता विकसित भारत के रूप में नए भारत को देख रही है।

उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश की जनता राष्ट्रवाद के साथ खड़ी है। दो चरणों में मतदान का कार्य पूरा हो चुका है। जिसमें भाजपा को प्रदेश की सभी सीटें मिलनी तय है, जबकि तीसरे चरण में चल रहे मतदान के कार्य में जनता के रूझान को देखते हुए दस की दस सीट भाजपा के खाते में जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग हिंदुस्तान में रहकर पाकिस्तान का राग अलाप रहे हैं, उनका भी वही हाल होगा जो महाराजा सुहेलदेव ने सालार मसूद का बहराइच में किया था। पाकिस्तान जाने वाले पाकिस्तान चले जाओ, वहां भूखों मरो लेकिन भारत पर बोझ न बनो। उन्होंने कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री भारत की 80 करोड़ जनता को फ्री में आनाज दे रहें हैं। जबकि पाकिस्तान की महज 24 करोड़ की आबादी भूखों मर रही है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत बदहाल था। गरीब भूख से मर रहा था व्यापारियों से रंगदारी की वसूली की जा रही थी। अन्नदाता आत्महत्या करने को मजबूर थे। नौजवान पलायन कर रहे थे कोई सुरक्षित नहीं था लेकिन आज अपराधी सरेंडर कर रहें हैं या प्रदेश से पलायन करने को मजबूर हैं। देश में आतंकवाद पूरी तरह समाप्त हो चुका है। हमारे प्रदेश की बेटी, व्यापारी सभी सुरक्षित महसूस कर रहें हैं। जनसभा में मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में भारी मतों से मतदान करने का आह्वान किया। जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने जनता में जोश भरते हुए कहा कि जनता की आकांक्षा है कि अबकी बार चार सौ पार, एक बार फिर देश में मोदी सरकार। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए वापस रवाना हो गए। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने किया। इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी आनंद गोंड, सासद अक्षयवरलाल गोंड, एमएलसी पदमसेन चौधरी, विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, एमएलए पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, एमएलए नानपारा रामनिवास वर्मा, पूर्व केबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, उमाशंकर वैश्य, अखंड प्रताप सिंह, राहुल राय, संजीव त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। 

जनसभा के दौरान अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहा, लोग मुख्यमंत्री को सुनने के लिए चिलचिलाती धूप में काफ़ी देर खडे रहे, आस पास कहीं पानी नजर नहीं आ रहा था। समाचार संकलन के लिए पत्रकारों को कोई एहमियत नहीं दी गई। वहीं मीडिया मंच कार्यक्रम का समापन होने के बाद अचानक टूट गया। मंच के टूटने की वजह से उसके निकट मौजूद बगियागांव पतरहिया निवासी 58 वर्षीय रामकिशुन का दाहिना पैर टूट गया। इस दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ता मीडियाकर्मियों से उलझ गए और पीड़ित का बयान लेने से मना किया। हालांकि पत्रकारों के समूह ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद घायल रामकिशुन को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

No comments:

Post a Comment