अय्यूब अंसारी (संवाददाता NNI Coverage समाचार सेवा)
नानपारा, बहराइच। जनपद की तहसील नानपारा में अधिवक्ता संघ की वार्षिक कार्यकारिणी गठन के लिए बुधवार को हुए मतदान में 224 में से 222 वकीलों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष, महासचिव व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हुआ। अधिवक्ता सभागार में बनाये गए मतदान बूथ पर सुबह से ही अधिवक्ताओं की लाइनें लग गई जो बराबर बनी रही। वहीं प्रत्याशियों व समर्थकों सरगर्मियों सहित उत्साह भी देखने को मिला। इस दौरान चुनाव कार्यकारिणी व पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद दिखाई दिया।
शाम 3:00 बजे तक चले मतदान में 222 अधिवक्ताओं ने मत का प्रयोग किया। एल्डर कमेटी के चेयरमैन रूप नारायण जायसवाल मतदान के हर पहलू पर अपनी नजर रखते हुए चुनाव समिति और मतदाताओं को निर्देशित करते रहे। नई कार्यकारिणी के गठन के लिए मतदान केंद्र इस बार नवनिर्मित अधिवक्ता संघ सभागार को बनाया गया। प्रत्याशी व समर्थक अंतिम समय तक मतदाताओं को अपने अपने पाले में लाने की कोशिश करते दिखाई दिए। महत्वपूर्ण पद अध्यक्ष, महासचिव व वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर जीत हार के समीकरण के कयास दिनभर तहसील परिसर में लगाए जाते रहे। वोट डालने के बाद अधिवक्ता संघ के सदस्य बैठकर इसी बात की चर्चा करते रहे कि गुरुवार को किस के सिर पर सेहरा बंधने की उम्मीद है।

No comments:
Post a Comment