Sunday, March 16, 2025

शैक्षणिक उन्नयन विचार गोष्ठी में रोजगारपरक व नैतिक शिक्षा पर बल

ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव (NNI Coverage ब्यूरो/संचालक)

बहराइच, उ०प्र०। जनपद माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में आज मानस इंटर कॉलेज (भिनगा-श्रावस्ती मार्ग) में शिक्षक, प्रबंधक संघ शैक्षणिक उन्नयन विषयक विचार गोश्ठी का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने माध्यमिक शिक्षा को गुणवत्तापरक, रोजगारपरक व नैतिक शिक्षा पर विशेष बल देते हुए नवाचार पाठ्यक्रम के प्रति छात्र, शिक्षक एवं अभिभावकों का अभिरुचि आत्मसात करने हेतु जन जागरण अभियान चलाए जाने का संकल्प लिया। माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से आयोजित विचार गोश्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उप शिक्षा निदेशक मनोज कुमार अहिरवार ने कहा कि जनपद में माध्यमिक शैक्षणिक स्तर में व्यापक सुधार लाने के लिए छात्र शिक्षक एवं अभिभावकों का बेहतर तालमेल आवश्यक है। समय समय पर पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों का अभिरुचि बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण का भी होना आवश्यक है ताकि विद्यार्थी पाठ्यक्रम को आत्मसात कर सके।उन्होंने आवाहन किया कि विद्यार्थियों में शैक्षणिक सुधार व गुणवत्तापरक शिक्षण के लिए आवश्यक है कि समय समय पर खेल कूद, व्यायाम, स्कॉउट व विज्ञान क्षेत्र में भी कौशल वृद्धि के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन होता रहे। विशिष्ट अतिथि संविधान विशेषज्ञ अनिल त्रिपाठी ने कहा कि छात्र समाज का प्रतिबिंब होते हैं इसलिए आवश्यक है कि उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल प्रदान किया जाए ताकि उनके व्यक्तित्व व कृतत्व में प्रभावशाली निखार आ सके और वे समाज का नेतृत्व कर सके। प्रबंधक महासंघ जिला अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट ने माध्यमिक स्तर तक कृषि शिक्षा को अनिवार्य किये जाने की आवश्यकता बताई तथा कृषि आधारित रोजगारपरक शिक्षा देने के लिए संगठन की ओर से जन जागरण अभियान चलाए जाने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन वित्तविहीन शिक्षक संघ अध्यक्ष रमेश कुमार मिश्र ने किया, कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संगठन संरक्षक प्रधानाचार्य जगदंबा प्रसाद मिश्र ने बोर्ड परीक्षा बेहतर ढंग से संपन्न करवाने वाले शिक्षक प्राचार्यों को साधुवाद दिया। धन्यवाद ज्ञापन शिक्षाविद उमेश चंद्र मिश्र ने दिया।आयोजित संगोष्ठी में प्रमुख रूप से माध्यमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, प्रधानाचार्य घनश्याम बाजपेई, डॉ जसवंत सिंह, प्रधानाचार्य अजीत कुमार वर्मा, प्रधानाचार्य बृजेन्द्र कुमार शर्मा, रामेश्वर पाण्डेय, बेचनलाल मौर्य, राम नरेश विश्वकर्मा, आशुतोष श्रीवास्तव, संगठन संरक्षक प्राचार्य आर०डी० वर्मा, प्राचार्य सभाराज सिंह, प्राचार्य श्रीमतीमधु चौधरी, लक्षमण यादव, त्रियुगी नारायण पांडेय, सतीश प्रजापति, अनिल मिश्रा, प्रवक्ता डॉ० पंकज श्रीवास्तव, वित्तविहीन शिक्षक महसभा कार्यकारी अध्यक्ष शिव पूजन सिंह समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर प्रबंधक संघ जिला अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट शिक्षक संघ अध्यक्ष रमेश कुमार मिश्र व प्रधानाचार्य संघ अध्यक्ष जगदंबा प्रसाद मिश्र तथा समाज शास्त्री अनिल त्रिपाठी एडवोकेट की ओर से मुख्यमंत्री व मध्यमिक शिक्षा मंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित मध्यमिक शिक्षा स्तर तक कृषि शिक्षा अनिवार्य किये जाने, माध्यमिक विद्यालयों में मिनी आई० टी०आई० कोर्स संचालित किए जाने तथा रोजगार प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से दिए जाने विषयक उल्लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया।

No comments:

Post a Comment