Top Menu

Saturday, July 26, 2025

उपनिबंधन कार्यालय में अनियमितता पर कलमबंद हड़ताल शुरू

ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव (ब्यूरो/संचालक NNI Coverage) 

बहराइच/नानपारा, उ०प्र०। उपनिबंधन कार्यालय नानपारा में दस्तावेजों की रजिस्ट्री में व्याप्त अनियमितता से क्षुब्ध अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए शुक्रवार से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल कर दी है जिससे विभाग के आला अधिकारियो में हड़कंप मच गया है। 

गौरतलब है कि लम्बे समय से उपनिबंधन कार्यालय नानपारा में दस्तावेजो की रजिस्ट्री में पक्षकारों से नाजायज दबाव बनाकर सुविधाशुल्क के नाम पर अनावश्यक धन उगाही की जाती रही है तथा फर्जी जांच करके भी काश्तकारों को परेशान किया जाता है जिससे क्षुब्ध होकर तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन नानपारा के अधिवक्ता लामबंद हो गए और उप निबंधक के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष निरंकार प्रसाद जायसवाल ने संघ की बैठक करके कलमबंद हड़ताल का निर्णय लिया और सभी अधिवक्ता एकजुट होकर नारेबाजी करते हुए उप निबंधन कार्यालय पहुंचे तथा प्राइवेट कर्मियों को काम से हटाने और सुविधाशुल्क के नाम पर अवैध धनउगाही बंद करने की मांग की। इसके साथ ही आधार कार्ड और पैन कार्ड का सत्यापन सरवर डाउन से न हो पाने के कारण दस्तावेज रजिस्ट्री में इसकी अनिवार्यता खत्म किये जाने की भी मांग की। इस बारे में उप निबंधक नानपारा राजमोहन सिंह ने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया में आधार कार्ड आदि का सत्यापन शासन की मंशा है और काम की अधिकता की वजह से अस्थाई प्राइवेट कर्मी रखे गए है। जहां तक अनियमितता का प्रश्न है तो इसके लिए कड़ी नजर रखी जायेगी, यदि कोई अनावश्यक लेन देन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। 

अधिवक्ता संघ के महामंत्री हरिओम शुक्ला ने बताया कि संघ की बैठक में मांगे पूरी होने तक कलमबंद हड़ताल जारी रखे जाने और राजस्व न्यायालयों पर भी अधिवक्तागण कार्य नहीं किये जाने का सामूहिक निर्णय लिया गया है। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता संघ नानपारा के अध्यक्ष व महामंत्री के अलावा टीकाराम मिश्रा, जैगम हुसैन, सूर्य बख्श सिंह, राम मनोहर, सौरभ श्रीवास्तव, सुनील सिंह, सुएब व जिबराइल सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment