Top Menu

Sunday, August 10, 2025

नन्हीं कलाईयों से बंधी देशभक्ति की डोर, राखी पर भावुक हुए लोग

ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव (ब्यूरो/संचालक NNI Coverage)

नानपारा / बहराइच, उ०प्र०। शहर नानपारा में रक्षा बंधन का पर्व इस बार कुछ खास रहा, जब सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल नानपारा के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देश की सेवा में लगे अधिकारियों और जवानों को राखी बांधकर प्रेम और कृतज्ञता का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्कूल के सभी वर्गों की छात्राएँ शामिल थी, लेकिन कक्षा 1 से 3 तक के छोटे बच्चों ने सबसे अधिक उत्साह और जोश के साथ भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम की शुरुआत एसडीएम नानपारा के आवास से हुई। यहाँ बच्चों ने उन्हें राखी बांधी, तिलक किया और मिठाई खिलाकर दीर्घायु व सुख-समृद्धि की शुभकामनाएँ दीं। इसके बाद दल एसएसबी की 42वीं और 59वीं बटालियन पहुंचा, जहाँ जवानों ने बच्चों का आत्मीय स्वागत किया। सैनिकों ने बच्चों से बातचीत की और उनके द्वारा बंधी राखी को “देशभक्ति की अनमोल सौगात” बताया। अंत में बच्चे कोतवाली नानपारा पहुंचे और थाना प्रभारी व सिपाहियों को राखी बांधी। बच्चों ने पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया कि वे दिन-रात जनसुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। पुलिस अधिकारियों ने भी बच्चों को मिठाई खिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन, सेवा भावना और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना जगाना था।

एसडीएम नानपारा लालधर सिंह यादव ने कहा, "इन नन्हीं कलाइयों से बंधी राखी हमें अपने कर्तव्य की और भी गहराई से याद दिलाती है।" वहीं एसएसबी के एक जवान ने भावुक होकर कहा, "घर से दूर रहकर भी हमें आज अपने घर का सा स्नेह मिला।"

No comments:

Post a Comment