Top Menu

Wednesday, July 1, 2026

थाने में महिला आरक्षी का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला

ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव (ब्यूरो सत्य पथिक) 

हुजूरपुर/बहराइच, उ०प्र०। जनपद के हुजूरपुर थाने में सोमवार देर शाम एक महिला आरक्षी का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। इस घटना से थाने में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी कैसरगंज मौके पर पहुंचे और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतका की पहचान महाराजगंज जनपद निवासी 25 वर्षीय ज्योति पासवान के रूप में हुई है। वह हुजूरपुर थाने में महिला आरक्षी के पद पर तैनात थी। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह जिला मुख्यालय से थाने पहुंची और अपने ऊपर बने कमरे में चली गई।

लगभग आधे घंटे बाद थाने के कर्मचारियों ने ऊपर जाकर देखा तो उसका शव पंखे से लटका हुआ था। कर्मचारियों ने तत्काल शव को नीचे उतारा। इलाके के निजी चिकित्सक कुशल कुमार ने थाने पहुंचकर जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी कैसरगंज धीरेंद्र श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। ज्योति पासवान 2019 बैच की सिपाही थीं और करीब डेढ़ साल से हुजूरपुर थाने में तैनात थीं। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि महिला सिपाही की मौत की सूचना मिली है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment