Sunday, September 21, 2025

सार्वजनिक जलाशयों से अवैध कब्जा हटाने के लिए ज्ञापन

ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव (ब्यूरो/प्रतिनिधि NNI Coverage) 

नानपारा (बहराइच) उ०प्र०। तहसील क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहे विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठन से जुड़े प्रतिनिधियों ने तहसील समाधान दिवस के अवसर पर प्रभारी अधिकारी तहसीलदार को हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन देकर क्षेत्र में स्थित तालाब पोखरा व जलाशयों पर लगातार हो रहे अवैध कब्जा को हटाने व जलाशय परिक्षेत्र को चौड़ा कर तटवर्ती क्षेत्रों में पंचवटी व हरिशंकरी प्रजाति के वृक्षों के रोपण व संरक्षण हेतु ज्ञापन दिया।

सामाजिक संगठन रूल ऑफ लॉ सोसायटी, महामना मालवीय मिशन, गायत्री परिवार, शिक्षक परिवार, नमामि गंगे परियोजना, किसान परिषद आदि से जुड़े संगठन प्रतिनिधियों ने ज्ञापन देकर प्रभारी अधिकारी समाधान दिवस को अवगत कराया कि समूचे परिक्षेत्र में स्थित तालाब पोखरा नदी झील व जलाशयों पर लगातार भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा कर अनाधिकृत भवन निर्माण कराया जा रहा है अथवा खेती किसानी की जा रही है जिसके कारण क्षेत्र में जल स्तर कम हो रहा है जिसका असर खेती किसानी पर भी पड़ रहा है और फसल उत्पादकता भी कम हो रही है, पेय-जल का संकट भी गहरा रहा है। 

रूल ऑफ लॉ सोसायटी अध्यक्ष अवध क्षेत्र संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट ने अवगत कराया कि समूचे परिक्षेत्र विशेषकर सीमावर्ती इलाकों में स्थित जल श्रोतों पर लगातार कब्जा राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से हो रहा है अवैध कब्जा त्वरित न हटाया गया तो इसका असर जल स्तर पर प्रत्यक्ष पड़ेगा और हालात भयावह होंगे। ज्ञापन देने वाले लोगों में प्रमुख रूप से किसान परिषद संयोजक केशव पाण्डेय, कानून विद मोहम्मद अरशद, सोसायटी तहसील संयोजक ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव एडवोकेट, पर्यावरण विद महेंद्र प्रताप सिंह सेंगर, नमामि गंगे प्रकल्प संयोजक चंद्र प्रकाश मिश्र, समाजसेवी धीरेन्द्र शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ पंकज श्रीवास्तव, डॉ अब्दुल ख़बीर, समाजसेवी राहुल पाण्डेय, शिक्षा विद अशोक तिवारी आदि लोग उपस्थित रहे। प्रभारी अधिकारी ने अधीनस्थ राजस्व कर्मियों को जलाशयों से अवैध कब्जा हटाने हेतु निर्देश भी जारी कर दिया है।

No comments:

Post a Comment