Saturday, June 27, 2026

संत शिरोमणि कबीर जयंती पर संत सम्मेलन, भंडारा एवं सत्य यात्रा

ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव (ब्यूरो सत्य पथिक) 

नानपारा (बहराइच) उ०प्र०। संत शिरोमणि सदगुरू कबीर साहेब की जयंती के उपलक्ष्य में श्री कबीर आश्रम (बाबा मैदनी साहेब कुट्टी), भटेहटा, नानपारा में तीन दिवसीय धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सत्संग एवं भंडारे में सम्मिलित होने की अपील की है।

आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ 27 जून 2026 (शनिवार) को प्रातः 6 बजे सत्य नाम जाप से हुआ। 28 जून रविवार को सत्य यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 29 जून सोमवार को प्रातः 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक चौका आरती एवं सत्संग का आयोजन किया जाएगा। 

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में व्याप्त अंधविश्वास, पाखंड, जातिवाद, ऊंच-नीच तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संत कबीर के समता, मानवता और सद्भाव के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। संत कबीर की वाणी के माध्यम से मानव मात्र को सत्य, सदाचार, कर्म, ज्ञान एवं आत्मचिंतन का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम स्थल श्री कबीर आश्रम (बाबा मैदनी साहेब कुट्टी), भटेहटा, नानपारा (बहराइच) स्थित है, जो श्मशान भूमि बैकुंठधाम नानपारा से पूर्व दिशा में लगभग ढाई सौ मीटर की दूरी पर है। आयोजन एवं व्यवस्थापन की जिम्मेदारी महंत बाबा राम दास तथा आश्रम परिवार द्वारा निभाई जा रही है।

आयोजन समिति ने सभी सनातन धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से समय से पहुंचकर सत्संग, संत सम्मेलन एवं भंडारे में सहभागिता कर संत कबीर साहेब के विचारों को आत्मसात करने का आग्रह किया है।

No comments:

Post a Comment