ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव (ब्यूरो / संचालक : NNI Coverage समाचार सेवा)
बहराइच, यूपी। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। यदि आपके आयुष्मान कार्ड में पिता का नाम, जन्मतिथि, लिंग, पता या मोबाइल नंबर जैसी कोई त्रुटि दर्ज हो गई है, तो अब उसे आसानी से सुधारा जा सकता है। सरकार ने इसके लिए एक नया डाटा मैनेजमेंट पोर्टल लॉन्च किया है। इस पोर्टल के माध्यम से लाभार्थी के स्वयं के नाम को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के संशोधनों को दुरुस्त कराने की सुविधा शुरू कर दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संजय कुमार ने बताया कि आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए पोर्टल पर दर्ज लाभार्थी का विवरण और आधार व राशन कार्ड के विवरण में 80 फीसदी मिलान अनिवार्य होता है। कुछ मामलों में पिता का नाम, उम्र या पते में मामूली अंतर होने के कारण सिस्टम कार्ड जारी नहीं कर पाता था। जिसकी वजह से पात्रता होते हुए भी लाभार्थी योजना से वंचित रह जाता था, नए डाटा मैनेजमेंट पोर्टल के जरिए अब इन तकनीकी विसंगतियों को दुरुस्त किया जा सकेगा, जिससे छूटे हुए पात्र उन्होंने बताया कि जनपद में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अब तक लाखों से अधिक लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। संशोधन कराने के लिए छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, जिला अस्पताल अथवा सीएमओ कार्यालय स्थित आयुष्मान हेल्प डेस्क पर संपर्क करना होगा। सुरक्षा कारणों से मूल लाभार्थी का नाम बदलने की अनुमति नहीं है, लेकिन अन्य सभी विवरण आधार के अनुसार अपडेट किए जा सकते हैं।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि कार्डधारक अपने जरूरी दस्तावेज आधार कार्ड, राशन कार्ड व आधार से लिंक मोबाइल नंबर लेकर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जाएं। वहां तैनात ऑपरेटर पोर्टल पर विवरण अपलोड कर संशोधन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। उन्होंने बताया कि जन्मतिथि एवं आयु, लिंग (महिला/पुरुष), पिता अथवा पति का नाम, मोबाइल नंबर एवं आवासीय पता को संशोधित किया जा सकता है। मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने बताया कि सरकार की मंशा हर पात्र व्यक्ति को 5 लाख रुपये तक का निरूशुल्क इलाज उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्वास्थ्य महकमे को निर्देश दिए हैं कि गांव-गांव तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचाई जाए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति तकनीकी त्रुटि के कारण इलाज से वंचित न रहे।

No comments:
Post a Comment