ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव (ब्यूरो / संचालक : NNI Coverage समाचार सेवा)
बहराइच, उ०प्र०। महाराजा सुहेलदेव महर्षि बालार्क चिकित्सालय के जच्चा-बच्चा वार्ड के प्रतीक्षालय में अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। वार्ड के बाहर बने गलियारे में मरीजों के परिजन और तीमारदार फर्श पर बैठकर समय बिताने को मजबूर हैं। पर्याप्त बैठने की व्यवस्था न होने से महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतीक्षालय में कई स्थानों पर चप्पल-जूते बिखरे दिखाई दिए, जिससे साफ-सफाई और व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं के परिजनों का कहना है कि लंबे समय तक इंतजार के दौरान बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें फर्श का सहारा लेना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला मुख्यालय के प्रमुख सरकारी अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और तीमारदार आते हैं, ऐसे में प्रतीक्षालय में पर्याप्त कुर्सियां, स्वच्छता, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। समाचार संग्रह के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ० शर्मा से अस्पताल की असुविधाओं के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया गया लेकिन वह अस्पताल परिसर से नदारद मिले।
लोगों ने अस्पताल प्रशासन से जच्चा-बच्चा वार्ड के प्रतीक्षालय की व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार कर तीमारदारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। अस्पताल प्रशासन द्वारा समय रहते इस ओर ध्यान दिए जाने से मरीजों एवं उनके परिजनों को राहत मिल सकती है।

No comments:
Post a Comment