ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव (ब्यूरो / संचालक : NNI Coverage समाचार सेवा)
बहराइच, उ०प्र०। जिले के बौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिकुरी (मुरौवा) गांव के पास घाघरा (सरयू) नदी किनारे एक हृदयविदारक घटना में 12 वर्षीय बालक की मगरमच्छ के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 6 का छात्र सुनील सिंह अपने चाचा के साथ धान की रोपाई के कार्य में गया था। काम समाप्त होने के बाद दोनों घर लौटने से पहले नदी किनारे हाथ-मुंह धोने पहुंचे। इसी दौरान पानी में घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने अचानक बालक पर हमला कर उसे जबड़ों में दबोच लिया और नदी की ओर खींच ले गया। चाचा ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ बालक को गहरे पानी में ले गया। घटना को देख आसपास मौजूद ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास किया, किंतु सफलता नहीं मिल सकी।
इस घटना के बाद नदी किनारे बसे गांवों में भय का वातावरण है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मगरमच्छों की निगरानी बढ़ाने, नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

No comments:
Post a Comment